हिसार। पटेल नगर में रविवार देर शाम हमले में जान गंवाने वाले पटेल नगर निवासी अमित भुटानी उर्फ शिखंडी का सोमवार को हिसार के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के बोर्ड ने किया। पोस्टमार्टम में सामने आया है कि अमित की कमर से नीचे छुरी से 15 से 20 वार किए गए थे। मृतक का दाह संस्कार शाम करीब 5:30 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार पटेल नगर में बीच बाजार रविवार देर शाम एक मिठाई की दुकान के सामने युवक अमित पर कुछ अन्य युवकों ने चाकू, कुर्सी, डंडे, बिंडो और ईंटों से हमला कर दिया था। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां उसने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अमित उर्फ शिखंडी की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। हालांकि पुलिस इस मामले में अभी खुलासा नहीं कर रही है। वहीं दूसरी तरफ मामले में पुलिस ने मृतक अमित के भाई पटेल नगर निवासी अंकुश की शिकायत पर पटेल नगर निवासी विजय उर्फ धोबी, राजू उर्फ लड्डू, शास्त्री नगर निवासी विकास, रोहतक के बड़ी बहु निवासी हाल पटेल नगर निवासी सन्नी व दो-तीन अन्य के खिलाफ धारा 302, 506, 25, 34 और 120बी के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में अंकुश ने बताया कि उसका भाई अमित कैमरी रोड के पास चाय की दुकान करता था। अमित को पटेल नगर निवासी विजय उर्फ धोबी, राजु उर्फ लड्डू रुपयों के लिए तंग करते थे। अंकुश ने बताया कि करीब 5-6 दिन पहले अमित का विजय उर्फ धोबी व राजू उर्फ लड्डू से झगड़ा हो गया था। उसने बताया कि वारदात के समय शास्त्री नगर निवासी विकास उर्फ मिच्चु वासी शास्त्री नगर व रोहतक के बड़ी बहु निवासी हाल पटेल नगर निवासी सन्नी उर्फ लंगड़ा चाकू लेकर अमित के पीछे आए। इनके पीछे दो तीन अन्य युवक भी थे। अंकुश ने बयान में आरोप लगाया कि इन्होंने ही अमित की हत्या की थी। उसके बाद आरोपी फरार हो गए थे। विकास उर्फ मिच्चु पर पहले भी पटेल नगर में ही एक जूस संचालक की हत्या का केस दर्ज है।