जिले में अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में उपचार के दौरान शुक्रवार को एक कोरोना संक्रमित मरीज ने दम तोड़ दिया। यह कोरोना से जिले में 14वीं मौत है। इसी के साथ कोविड-19 लैब और एंटीजन टेस्ट किट से जांच के दौरान 112 नए कोरोना पॉजिटिव है। इनमें 20 छात्र, ऑर्थो सर्जन, दो प्रोफेसर, दो अध्यापक व दो क्लर्क और सीआईए का एक स्टाफ सहित अन्य संक्रमित शामिल हैं। जिले में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 2010 से बढ़कर 2122 पर जा पहुंचा है। विभाग का कहना है कि एक साथ इन सभी संक्रमित मरीजों की हिस्ट्री जुटाना और उन्हें लक्षण के हिसाब से रेफर करना काफी मुश्किल हो गया है। इस वजह से विभाग द्वारा अन्य स्टाफ का भी सहयोग लिया जा रहा है।
महावीर कॉलोनी का रहने वाला था बुजुर्ग
डिप्टी सीएमओ डॉ. जया ने बताया कि मृतक संक्रमित 68 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति शहर की महावीर कॉलोनी का रहने वाला था, जिसका 25 अगस्त को कोविड-19 टेस्ट के लिए सैंपल लिया गया था और 27 अगस्त को संक्रमित मिला था। बुजुर्ग का गीतांजलि अस्पताल में उपचार चल रहा था और जिसे शुगर बीपी और बलगम की शिकायत थी, इस वजह से उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। अब तक जिले में कोविड-19 मौत हुई लोगों में ज्यादातर बुजुर्ग और दो युवा शामिल हैं। इनमें से करीब 10 मृतक संक्रमित गंभीर हालत के चलते शुरुआती दौर से ही वेंटीलेटर पर रखे गए थे और उसी दौरान उनकी मौत हुई थी। विभाग के अनुसार सभी शुगर, बीपी, निमोनिया और दिल की बीमारी के साथ साथ फेफड़ों से संबंधित बीमारी से ग्रस्त थे।
इन जगहों से मिले संक्रमित
हिसार शहर, हांसी, मंगाली, सोरखी, सातरोड़, आर्य नगर, पुट्टी मंगल खां, बरवाला आदि शामिल है।