हिसार। विद्युत नगर के राममेहर नामक व्यक्ति के घर की समस्याएं तंत्र विद्या से मिटाने और सुख-समृद्धि लाने का झांसा देकर 1.42 लाख रुपये एवं सोने के जेवर हड़प लिए। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने इस संबंध में खनौरी के तांत्रिक कृष्ण के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
विद्युत नगर के राममेहर ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि एक दोस्त ने फोन पर उनकी बात गांव धनौरी निवासी कृष्ण से कराई थी। वह अपने आपको जिन्न माता तांत्रिक बताता है। उसने कहा था कि आपके घर में बड़ी समस्या है। उसका इलाज करना पड़ेगा। उसके लिए उसे घर आना पड़ेगा। वह 10 दिन पहले मेरे सरकारी क्वार्टर पर आया। वह सारे घर में ध्यान लगाकर बोला कि बड़ी समस्या है। घर में पहरा लगाना पड़ेगा, जिसका 31,900 रुपये खर्च लगेगा। जितना घर में सोना है, वह पहरे में रखना पड़ेगा। सवा मीटर कपड़ा लगेगा। सामान डालकर वह बैग आपके घर की अलमारी में ही रहेगा। 10 दिन बाद बैग खोलना। सारी समस्या का समाधान हो जाएगा। पीड़ित ने 32,000 रुपये उसके खाते में डाल दिए। बाद में सोने के तीन जोड़ी झुमके उसको दे दिए। उसने कुछ तंत्र क्रिया कर बैग मुझे दे दिया। वह बोला कि 10 दिन बाद बात करके बैग खोल लेना। वह तीन बार आकर 1.42 लाख रुपये ले गया। बाद में बैग खोला तो कुछ रुपये व नकली जेवर निकले। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने इस संबंध में नामजद के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।