हिसार। लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया आरंभ हुई। हालांकि पहले दिन किसी ने नामांकन दाखिल नहीं कराया, लेकिन निर्वाचन कार्यालय से 20 लोग प्रत्याशी के फार्म लेकर गए। यह फार्म निशुल्क दिए जा रहे हैं और जो फार्म लेता है, उसको अपनी आईडी आधार कार्ड दिखाना होता है और फोन नंबर व स्थायी पता देना होता है। प्रक्रिया के दौरान पूरा दिन भारी पुलिस बल लघु सचिवालय में तैनात रहा। पुलिस के अभेद्य सुरक्षा चक्र पर पुलिस बल दिनभर मुस्तैद रहा।
जिला प्रशासन द्वारा मतदान के लिए जिले में 581 मतदान केंद्र और उनमें 1294 बूथ बनाए गए हैं। इनमें से 24 क्रिटिकल, 227 अति संवेदनशील और 225 बूथ संवेदनशील की श्रेणी में शामिल हैं। प्रशासन द्वारा 581 ऐसे दिव्यांगों की पहचान की गई है, जिन्हें मतदान के दिन सहायता की जरूरत है। ऐसे दिव्यांगों को प्रशासन अपनी गाड़ियों में मतदान केंद्र तक पहुंचाएगा और सीधे मतदान करवाकर उन्हें वापस घर तक छोड़कर आएगा। इसके लिए प्रशासन द्वारा 42 सरकारी वाहनों का इंतजाम किया गया है, जो जिले में दिव्यांगों को मतदान केंद्र तक लाने-ले जाने का काम करेंगे।
जिले में मतदान केंद्रों की स्थिति
मतदान केंद्र - 581
मतदान बूथ - 1294
क्रिटिकल - 24 (केंद्र-11)
अति संवेदनशील बूथ - 227 (केंद्र-98)
संवेदनशील - 225 (केंद्र-88)
ईवीएम अलॉट की - 1427
वीवीपैट अलॉट की - 1427
मतदाताओं की स्थिति
जिले में चल रहे जागरूकता कार्यक्रमों के चलते एक फरवरी के बाद जिले में कुल 38093 फार्म आए। इनमें से 33376 फार्म अपडेट हो चुके हैं, जबकि 1029 फार्म किन्हीं कारणों से रिजेक्ट कर दिए गए। 3607 फार्म पेंडिंग हैं, जिन पर प्रक्रिया जारी है और 23 अप्रैल तक लिस्ट फाइनल कर दी जाएगी, जिसके बाद फाइनल मतदाता सूची प्रत्याशियों को उपलब्ध करवाई जाएगी।
मतगणना के लिए बनाए नौ केंद्र
हिसार लोकसभा क्षेत्र के सभी नौ विधानसभा सेगमेंट की मतगणना के लिए महाबीर स्टेडियम, पंचायत भवन व हकृवि के गिरी सेंटर में नौ काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार ईवीएम की मतगणना के बाद प्रत्येक विधानसभा सेगमेंट के 5-5 बूथों पर वीवीपैट की पर्चियों की भी गणना करवाई जाएगी।
ऑनलाइन भेजे जाएंगे पोस्टल बैलेट पेपर
पोस्टल बैलेट पेपर्स को नाम वापसी के 24 घंटे बाद ईटीपीङएसवी (इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटिड पोस्टल सर्विस वोटर्स) के माध्यम से ऑनलाइन भेजा जाएगा, ताकि सर्विस वोटर्स अपने मत समय पर भिजवा सकें।
55 जेडएम नियुक्त
लोकसभा चुनाव के लिए 55 जोनल मजिस्ट्रेट (जेडएम), 102 सेक्टर ऑफिसर्स, 42 फ्लाइंग स्क्वायड टीमें, 21 स्टेटिक सर्विलांस टीमें, 21 वीडियो सर्विलांस टीमें, 7 वीडियो व्यूइंग टीमें और 14 अकाउंटिंग टीमें गठित करके इनमें सक्षम अधिकारी लगाए गए हैं। सभी बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा।
293 बसें कर्मचारियों के लिए, 42 दिव्यांगों के लिए
पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों तक लाने-ले जाने के लिए जिले में 293 बसें लगाई जाएंगी। इसी प्रकार लगभग 581 ऐसे दिव्यांग मतदाताओं को दिव्यार्थ एप के माध्यम से पंजीकृत करके मतदान केंद्रों तक लाया जाएगा, जो स्वयं चलकर मतदान केंद्रों तक नहीं पहुंच सकते हैं। इनके लिए 42 सरकारी वाहनों व अधिकारियों को लगाया गया है।
7600 हथियार हो चुके हैं जमा
जिले में करीब 14 हजार लाइसेंसी हथियारों में से अब तक 7600 हथियार ही जमा हुए हैं। जिला प्रशासन द्वारा पेट्रोल पंप, बैंक सहित कई अन्य जरूरी सिक्योरिटी सेवाओं के लिए चल रहे लाइसेंसी हथियारों को जमा कराने की शर्त में नियमानुसार छूट दी है। कुछ लाइसेंस हैं, जो जिले से जारी हैं, लेकिन अब जिले या राज्य से बाहर हैं। हथियार जमा करवाने के नोटिस जारी हो चुके हैं। जिला प्रशासन के अनुसार बार-बार कहने के बावजूद हथियार जमा न करवाने वालों के लाइसेंस सस्पेंड किए जाएंगे।
जिले में पकड़ी 20 हजार से अधिक लीटर शराब
आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद जिले में 58 लाख 30 हजार 900 रुपये कीमत की 20178 लीटर शराब पकड़ी जा चुकी है। यदि कोई व्यक्ति राजनीतिक सामग्री का बिना अनुमति प्रकाशन करता है, सामग्री पर प्रकाशक व मुद्रक का नाम, पता तथा कॉपी संख्या नहीं अंकित करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत के लिए चार विकल्प
आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी शिकायत करने के लिए चार विकल्प उपलब्ध करवाए गए हैं। नेशनल ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम पर अब तक 489 शिकायतें आई हैं। इनमें से 121 शिकायतें कॉन्टेक्ट सेंटर के माध्यम से आई हैं। इन सभी शिकायतों का समाधान कर दिया गया है। सी विजिल पर अब तक जिले में 107 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 38 शिकायतों को ड्रॉप कर दिया गया और 68 शिकायतों पर जरूरी कार्रवाई करके समाधान कर दिया गया।
लोकसभा आम चुनाव 2019 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पर्याप्त संख्या में टीमों का गठन करते हुए सक्षम अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। लोकसभा आम चुनाव के लिए मंगलवार से फार्म-1 में अधिसूचना जारी हो गई है, जिसके साथ ही प्रत्याशियों का नामांकन शुरू हो गया है।
अशोक कुमार मीणा, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी, हिसार।