अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। नगर निगम में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने वाले शहरवासियों की रसीदें इसी महीने से ऑनलाइन अपडेट होनी शुरू होंगी। साल 2010 से लेकर अब तक जितनी भी रसीदें अपडेट नहीं हुई हैं, उन सबको अपडेट करने के कमिश्नर ने आदेश दिए हैं। वहीं निगम प्रशासन अब घरों की मार्किंग भी करवाएगा।
प्रत्येक घर के आगे उसका हाउस नंबर जरूर लिखा जाएगा, ताकि बेहतर तरीके से शहर में घरों की पहचान हो सके। वहीं टेंडर लेने वाली नई कंपनी की ओर से भी जल्द प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे शुरू किया जाएगा। ड्रोन से सर्वे करवाने के लिए उपायुक्त से अनुमति लेने की प्रक्रिया दोबारा शुरू होगी। जी-एट पोस्टिंग की मांग को लेकर मंगलवार को नगर निगम कमिश्नर अशोक गर्ग के साथ कई पार्षदों ने बैठक की। इस बैठक में निगम प्रशासन को पार्षदों ने कई सुझाव भी दिए।
अब भी गलत प्रॉपर्टी टैक्स बिल ठीक करवा सकेंगे शहरवासी
कमिश्नर ने पार्षदों को बताया कि अगर किसी शहरवासी का प्रॉपर्टी टैक्स बिल गलत आया हुआ है, तो उसको ठीक करने की प्रक्रिया रुकी नहीं है। यह लगातार जारी रहेगी। अब भी शहरवासी अपना बिल ठीक करवा सकते हैं। कमिश्नर ने कहा कि हाउस टैक्स का रिकॉर्ड ठीक करने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले तीन महीनों से कर्मचारी दिन-रात लगे हुए थे। भविष्य में भी सिस्टम में और सुधार किया जाएगा, ताकि दोबारा से परेशानियां न झेलनी पड़ी।
अधिकतर डाटा यूएलबी की वेबसाइट पर हुआ अपलोड
कमिश्नर ने पार्षदों को बताया कि फिलहाल दो सॉफ्टवेयर पर प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी कामकाज हो रहा है। यूएलबी की वेबसाइट से तो रसीद दी जाती हैं, जबकि जीआईएस कंपनी के साफ्टवेयर से बिल जेनरेट होता है। उन्होंने बताया कि जीआईएस का डाटा यूएलबी की वेबसाइट पर अपलोड करने का अधिकतर काम पूरा हो चुका है। भविष्य में कोई भी डाटा ढूंढने में दिक्कत नहीं आएगी।
बात पसंद नहीं आई तो बैठक से बाहर आए गए एक पार्षद
बैठक में पार्षदों और कमिश्नर के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिकारियों की तरफ से यह भी कहा गया कि प्रॉपर्टी टैक्स के मामले को लेकर निगम की छवि शहर में अच्छी नहीं गई। इसके बाद कुछ और बातचीत हुई तो वार्ड नंबर 19 के पार्षद नरेंद्र शर्मा को वह बातें पसंद नहीं आई और वह बैठक से उठकर बाहर आ गए। बाद में पार्षद इलेक्ट्रिकल जेई के कमरे में बैठकर अपना बातों को लेकर रोष जताते रहे।
ये रहे बैठक में उपस्थित
बैठक में डीएमसी डॉ. पीके हुड्डा, एसई रामजीलाल के अलावा वार्ड नंबर 14 के पार्षद अमित ग्रोवर, वार्ड नंबर 15 के पार्षद प्रीतम सैनी, वार्ड नंबर 16 के पार्षद विनोद ढांडा, वार्ड नंबर 17 के पार्षद महेंद्र जुनेजा, वार्ड नंबर एक के पार्षद अनिल जैन, वार्ड नंबर दो के पार्षद प्रतिनिधि प्रवीण केडिया, वार्ड नंबर 10 की पार्षद बिमला देवी, वार्ड नंबर आठ के पार्षद भूपसिंह, वार्ड नंबर 9 के पार्षद जयप्रकाश, वार्ड नंबर 6 के पार्षद उमेद खन्ना, वार्ड नंबर 20 के पार्षद प्रतिनिधि सुशील उपस्थित रहे।
कमिश्नर बोले- मैंने मीडिया को नहीं रोका, फिर भी पैर जमाकर खड़ा हो गया गनमैन
पार्षदों और कमिश्नर के बीच हुई बैठक की फोटो खींचने गए फोटो जर्नलिस्ट्स के साथ कमिश्नर के गनमैन ने सभ्य व्यवहार नहीं किया। गनमैन ने इन मीडियाकर्मियों को गेट पर ही रोक दिया और फोटो लेने से मना कर दिया। गनमैन की हिम्मत उस समय और बढ़ गई जब एक पार्षद ने भी रूटीन की बैठक कहकर फोटो करने से मना किया। बड़ी मुश्किल से फोटो जर्नलिस्ट्स बैठक के फोटो कर सके। हालांकि बाद में कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी को फोटो लेने से नहीं रोका।
हमने कमिश्नर से पुरानी रसीदों की ऑनलाइन पोस्टिंग की मांग को लेकर मुलाकात की थी। कई मुद्दों को बैठक में रखा गया। कमिश्नर ने सकारात्मक जवाब दिया है। इसी महीने ऑनलाइन पोस्टिंग शुरू हो जाएगी। इससे शहरवासियों की समस्याएं दूर होंगी।
- अमित ग्रोवर, पार्षद, वार्ड नंबर 14
हमने हमारे सुझाव कमिश्नर को दिए हैं। प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच में कुछ सुधार हुआ है, लेकिन अभी और ज्यादा सुधार की जरूरत है। पार्षद और अधिकारी आपसी तालमेल से सिस्टम को सुधारने के लिए कोशिश करेंगे।
- महेंद्र जुनेजा, पार्षद, वार्ड नंबर 17
पार्षदों ने कुछ सुझाव दिए हैं, जो शहर के लिए अच्छे हैं। उन पर मंथन किया जाएगा। पुरानी रसीदों की पोस्टिंग हम इसी महीने में शुरू करवा देंगे। पार्षदों की भी पूरी सुनवाई होगी।
- अशोक गर्ग, कमिश्नर, नगर निगम