जिले में बरवाला के वार्ड नंबर 17 निवासी एक ही परिवार के छह लोगों सहित जिला निवासी 14 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें 13 की रिपोर्ट एनआरसीई (राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र) लैब और नारनौंद के वार्ड नंबर 4 निवासी एक महिला की रिपोर्ट जींद जिले से मिली है। इसके साथ जिले में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 153 हो गया है।
मंगलवार को मिले संक्रमितों में से 10 लोग कांटेक्ट टू कांटेक्ट संक्रमित हुए हैं और चार संक्रमित मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री मुंबई, नोएडा और गुरुग्राम की मिली है। विभाग ने इन सभी संक्रमित मरीजों को लक्षण के हिसाब से कोविड-19 केयर सेंटर में रेफर किए गए हैं। विभाग की तरफ से डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. जया गोयल और जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खटरेजा अपनी टीम के साथ इन सभी संक्रमित मरीजों के परिजनों और उनके संपर्क में आए लोगों की हिस्ट्री जुटा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने इन सभी संक्रमित मरीजों के घर और आसपास की जगह को सैनिटाइज कर कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। इनके अलावा जिला अस्पताल में बने फ्लू क्लीनिक में जांच के दौरान गाजियाबाद निवासी दो अन्य लोग संक्रमित मिले हैं। विभाग ने इन दोनों संक्रमित मरीजों को एंबुलेंस के जरिये जिंदल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रेफर किया है। विभाग के अनुसार दोनों संक्रमित युवक मार्केटिंग का काम करते हैं और फिलहाल शहर की काठ मंडी में आए हुए थे।
सभी संक्रमित मरीजों की हिस्ट्री
हांसी के मॉडल टाउन निवासी संक्रमित मरीज का भाई और मां कांटेक्ट टू कांटेक्ट संक्रमित मिले हैं।
-देव वाटिका निवासी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के बाद उसका बेटा भी संक्रमित मिला है। संक्रमित युवक ग्राफिक्स डिजाइनिंग करता है। सोमवार को संक्रमित युवक का पिता संक्रमित मिला था। फिलहाल वह अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल है।
- शहर के एकता नगर का दंपती 14 जून को नोएडा से लौटा था। संक्रमित युवक पैकिंग एग्जीक्यूटिव का काम करता है।
- नारनौंद के वार्ड नंबर 4 निवासी एक महिला संक्रमित मिली है, जो 12 जून को अपने मायके दिल्ली से लौटी है। उसके बाद महिला ने नजदीकी जींद के नागरिक अस्पताल में अपना सैंपल दिया था।
- हांसी के सुभाष नगर निवासी संक्रमित मृतक युवक की पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। महिला संक्रमित मृतक युवक के संपर्क में आने के बाद पॉजिटिव मिली है। बता दें कि संक्रमित युवक की रविवार देर रात गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
- बरवाला के वार्ड नंबर 17 निवासी संक्रमित महिला के संपर्क में आने के बाद माता-पिता व दो भाई, एक भाभी और 14 वर्षीय एक भतीजा संक्रमित मिला है। संक्रमित महिला का पिता बरवाला शहर में क्लीनिक चलाता है और उसका संक्रमित एक भाई सुनार का काम करता है और दूसरा संक्रमित भाई टैक्सी चालक है। इससे पहले 13 जून को संक्रमित दंपती और उसका बेटा पॉजिटिव मिले थे। आठ जून को दिल्ली से महिला अपने पति और बच्चे के साथ अपने मायके लौटी थी।
- मंडी आदमपुर निवासी 25 वर्षीय संक्रमित युवक 22 मई को मुंबई से लौटा था और आने के बाद वह सोमवार को राजस्थान के राजगढ़ जिले से लौटा था।
मंगलवार को जिला वासी 14 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं और 10 लोग कांटेक्ट टू कांटेक्ट संक्रमित मिले हैं। अन्य चार लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री मुंबई, नोएडा व गुरुग्राम की मिली है।
- डॉ. योगेश शर्मा, सिविल सर्जन, हिसार।
इन टीमों ने लिए सैंपल
पैथोलॉजिस्ट डॉ मनीष पचार, दंत चिकित्सक डॉ. रवि चौहान और लैब टेक्नीशियन अमित व सत्यवान की टीम ने मंगलवार को नवोदय स्कूल के संक्रमित अध्यापक के संपर्क में आए 140 लोगों के सैंपल लिए। दंत चिकित्सक डॉ. बंसीलाल बेनीवाल व टेक्नीशियन ऑफिसर वेदव्रत की टीम ने रैंडम सैंपलिंग के तहत नई सब्जी मंडी 25 लोगों के सैंपल लिए, जिनमें सब्जी विक्रेता, रेहड़ी वाले, चालक सहित अन्य लोग शामिल हैं। काफी दिनों से सब्जी मंडी में कोई सैंपल नहीं लिए गए थे। दंत चिकित्सक डॉ. पुलकित बिमल और टेक्नीशियन दिनेश कुमार की टीम ने मंगलवार रात को 22 लोगों के सैंपल लिए। उधर, ट्राईएज में मंगलवार को जांच कराने पहुंचे करीब डेढ़ सौ लोगों के सैंपल लिए गए।
एडिशनल डायरेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
उच्च स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एडीशनल डायरेक्टर कोरोना के चलते स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने जिला अस्पताल में पहुंचे। पहले उन्होंने अस्पताल परिसर का दौरा किया। इसके बाद फ्लू क्लीनिक और कंटेनमेंट जोन मॉडल टाउन व तुलसी पार्क का दौरा किया और वहां पर विभाग द्वारा लोगों की जांच संबंधित सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमओ से पूछा कि फिलहाल जिले में कितने कोरोना संक्रमित मरीज वेंटिलेटर पर हैं। इस दौरान स्टाफ सदस्यों ने उनके सामने रिपोर्ट मिलने में आ रही परेशानियों को भी रखा। इस अवसर पर उनके साथ सिविल सर्जन डॉ. योगेश शर्मा, डिप्टी सीएमओ जया गोयल, जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खटरेजा, डॉ. विकास पुरी, जीव वैज्ञानिक डॉ. रमेश पूनिया, हेल्थ इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह और बहुउद्देशीय कर्मचारी नूर मोहम्मद व आशीष आदि मौजूद रहे।
विभाग ने वायरल वीडियो पर लिया संज्ञान
जाट धर्मशाला में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में फैली अव्यवस्था का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उस पर तुरंत संज्ञान लिया। विभाग ने सेंटर में सेंटर में सफाई व्यवस्था में भी सही करने का आदेश दिया है। बता दें कि सेंटर में दाखिल एक मरीज के परिजनों ने वायरल वीडियो में कहा कि जहां उनके बेटे को रखा गया है, वहां गंदगी का आलम है।