माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। नगर निगम में एक नया फ्रंट बन गया है। अफसरशाही के खिलाफ लड़ने के लिए 14 पार्षदों ने मिलकर शुक्रवार को यूनियन बनाई है। हालांकि कुछ घंटों के बाद ही दो पार्षदों (वार्ड 10 व 11) ने यूनियन से दूरी बना ली। यूनियन का कहना है कि उन्हें जनता ने चुनकर भेजा है और जनता के लिए वह अधिकारियों से भी भिड़ने से पीछे नहीं हटेंगे।
पार्षदों ने नगर निगम कार्यालय में एक बैठक बुलाई। इस बैठक में 20 में से 14 पार्षद व पार्षद प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान जब पार्षदों के बीच बातचीत शुरू हुई तो सामने आया कि पार्षदों को लैपटॉप देने के लिए निगम अधिकारियों की तरफ से फाइल चलाई गई थी। मगर अचानक ही इस फाइल को होल्ड पर रख लिया गया।
इस पर सभी पार्षदों ने कहा कि आज अधिकारियों को लैपटॉप की फाइल को होल्ड पर रखा है, कल वह अन्य फाइलों को भी होल्ड पर रखेंगे। ऐसा हरगिज नहीं होने दिया जाएगा। इस पर सभी पार्षदों ने एकमत से वार्ड 7 से पार्षद मनोहर लाल को भाईचारा यूनियन का प्रधान व वार्ड 12 से पार्षद जगमोहन मित्तल को उपप्रधान चुन लिया।
बैठक में ये पार्षद व पार्षद प्रतिनिधि रहे मौजूद : वार्ड एक से पार्षद प्रतिनिधि अनिल जैन, वार्ड 2 से पार्षद मोहित सिंघल, वार्ड 3 से पार्षद प्रतिनिधि सुनील वर्मा, वार्ड 4 से पार्षद हरि सिंह सैनी, वार्ड 7 से मनोहर लाल, वार्ड 9 से पार्षद प्रतिनिधि जयप्रकाश, वार्ड 10 से पार्षद प्रतिनिधि बिजेंद्र शर्मा, वार्ड 11 से पार्षद नरेश ग्रवोल, वार्ड 12 से पार्षद जगमोहन मित्तल, वार्ड 13 से पार्षद संजय डालमिया, वार्ड 15 से पार्षद प्रतिनिधि प्रीतम सैनी, वार्ड 17 से पार्षद राजेश अरोड़ा, वार्ड 19 से पार्षद सत्यवान पान्नू व वार्ड 20 से पार्षद नवीन भट्टी।