हांसी। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस जिला हांसी के कुल 80 गांव और 14 वार्डों को नशा मुक्त किया गया है। हांसी पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने अब तक 106 गांवों का सर्वे कर 596 नशा पीड़ितों की पहचान कर 395 पीड़ितों का उपचार शुरू किया गया है। अब तक कुल 133 लोगों ने नशे की लत को सदा के लिए अलविदा कह दिया है।
एसपी ने बताया की हांसी के 80 गांवों व 14 वार्डों को नशा मुक्त किया गया है। इन गांवों में 85 से 90 प्रतिशत तक सुधार हुआ है। नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसमें पंचायतों को लगातार काम करना होगा, पंचायतों के सहयोग से गांव-गांव में नशा मुक्ति कमेटी भी बनाई जा रही है। पुलिस नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वालों को गिरफ्तार कर नशे की सप्लाई की चेन को तोड़ने का प्रयास कर रही है। गांव में किसी भी नागरिक को नशा तस्करी के बारे में सूचना मिले तो तुरंत पुलिस कंट्रोल में सूचित करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस जिला हांसी की नशा मुक्ति टीम तीन स्तर पर कार्य कर रही है। पहला कार्य जो बच्चे नशे की लत में चले गए उनकी पहचान कर उनका उपचार करवाना और उन्हें सही मार्ग पर लाना है। दूसरा प्रयास नशा तस्करों पर अंकुश लगाना, क्योंकि नशे की उपलब्धता भी बुराई का मुख्य कारक है। तीसरा प्रयास युवा पीढ़ी को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करना, ताकि हमारे युवा पथभ्रष्ट न हो।