फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

26 फरवरी को होगा नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

हिसार। निगम चुनाव के करीब दो महीने बाद आखिरकार सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। निगम कमिश्नर ने 26 फरवरी को पार्षदों की बैठक बुलाई है। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव किया जाएगा। बैठक का लेटर मिलते ही पार्षदों ने लॉबिंग शुरू कर दी है। एक-दूसरे को फोन करना शुरू कर दिया है। सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर बनने के इच्छुक पार्षद अन्य पार्षदों की नब्ज टटोलने में जुट गए हैं।
गौरतलब है कि 19 दिसंबर को निगम चुनावों के नतीजे आए थे। उसके बाद 27 दिसंबर को नोटिफिकेशन हुआ था। नोटिफिकेशन के 60 दिन के अंदर सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव किया जाना जरूरी है। अगर ऐसा नहीं होता है तो निगम कमिश्नर के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। इसीलिए अब आनन-फानन में 26 फरवरी की बैठक रखी गई है।
विज्ञापन


भाजपा के सात पार्षद, दो निर्दलीय दे चुके हैं समर्थन
नगर निगम चुनावों में पार्षद पद के लिए भी भाजपा ने अपने कमल निशान पर उम्मीदवार उतारे थे। मगर 20 वार्डों में से मात्र सात वार्डों में ही उनके पार्षद चुनकर आए थे, जबकि 13 प्रत्याशी निर्दलीय जीते थे। अब सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर चुनने के लिए 20 में से प्रत्येक पद के लिए 11 पार्षदों की सहमति जरूरी है। हालांकि दो निर्दलीय पार्षद मनोहर लाल वर्मा और जयप्रकाश अब तक भाजपा को समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं।

भाजपा चाह रही दोनों पद उनके पास रहे
सत्तारूढ़ दल भाजपा पूरे प्रयास में हैं कि मेयर के बाद सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के पदों पर भी उनकी ही पार्टी का दबदबा बरकरार रहे। इसलिए लगातार निर्दलीय पार्षदों को अपनी ओर मिलाने के प्रयास चल रहे थे। भाजपा जातिगत समीकरणों पर अधिक दांव खेल रही है। विधायक अग्रवाल समुदाय से और मेयर पंजाबी समुदाय से होने के कारण सीनियर डिप्टी मेयर का पद सैनी समाज और डिप्टी मेयर का पद गुर्जर समुदाय या बीसी वर्ग को देने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों में जातिगत वोट बैंक को साधा जा सके।

कांग्रेस की विचारधारा वाले पांच पार्षद
20 में से पांच पार्षद ऐसे भी चुने गए हैं, जिनको कांग्रेस विचारधारा का समर्थक माना जाता है। वार्ड नंबर एक के पार्षद अनिल जैन, वार्ड नंबर तीन की पार्षद शालू दीवान, वार्ड नंबर 12 के पार्षद जगमोहन, वार्ड नंबर 19 के पार्षद नरेंद्र शर्मा और वार्ड 20 की पार्षद अंबिका शर्मा कांग्रेस से जुड़े रहे हैं। अगर कांग्रेसी पार्षद एकजुट होकर अन्य निर्दलीय पार्षदों का समर्थन पा लेते हैं तो सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के दोनों पदों पर कब्जा जमा सकते हैं।

भाई फोन पर कोनी, बैठकै बात करांगे
पार्षद इस चुनाव के लिए एक-दूसरे के पास फोन तो जरूर कर रहे हैं। मगर फोन पर ही रणनीति बनाने से बचने की कोशिश कर रहे हैं। फोन करके जब एक पार्षद ने दूसरे पार्षद से पूछा तो जवाब आया भाई फोन पर कोनी बात बण, बैठकै बात करांगे।

सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए 26 फरवरी की बैठक का लेटर मिला है। अन्य पार्षदों के साथ इस विषय पर चर्चा करेंगे। हम भी अपनी दावेदारी जताएंगे।
- पंकज दीवान, पार्षद प्रतिनिधि, वार्ड नंबर 3

जरूरी नहीं है कि मेयर के बाद अब सीनियर डिप्टी मेयर व डिप्टी मेयर के पद भी भाजपा समर्थित पार्षदों को ही मिले। अन्य पार्षदों को भी मौका मिलना चाहिए। हम भी अपने प्रयास करेंगे। अगर सबका साथ मिला तो जरूर दावेदारी ठोकेंगे।
विज्ञापन

- नरेंद्र शर्मा, पार्षद, वार्ड नंबर 19

सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए 26 फरवरी को पार्षदों की बैठक बुलाई गई है। यह बैठक मेयर की अध्यक्षता व कमिश्नर की उपस्थिति में 26 फरवरी को सुबह 11 बजे होगी।
- सुरेश गोयल, एमई, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें