अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। नगर निगम चुनाव की नामांकन प्रक्रिया वीरवार को संपन्न हो गई। चार महिलाओं सहित 24 उम्मीदवारों ने मेयर पद के लिए जबकि वार्ड पार्षद बनने को 105 लोगों ने नामांकन दाखिल किया है। भाजपा से गौतम सरदाना और कांग्रेस समर्थित रेखा ऐरन सहित 19 उम्मीदवारों ने आखिरी दिन नामांकन जमा करवाया।
भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के समय पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, विधायक डॉ. कमल गुप्ता, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया भी मौजूद रहे। वहीं कई कद्दावर नेताओं के निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में आने से मेयर का मुकाबला कड़ा हो गया। राजनीतिक पार्टियों के लिए भी टेंशन बढ़ गई है। इससे पहले इनेलो-बसपा गठबंधन के मेयर प्रत्याशी अमित सैनी बुधवार को ही नामांकन भर चुके हैं।
इन निर्दलीय प्रत्याशियों ने ठोकी दावेदारी
समाजसेवी कृष्ण ऐरन, पूर्व मंत्री हरिसिंह सैनी की पुत्रवधू रेखा सैनी, नगर परिषद के पूर्व प्रधान अरविंद खरींटा जैसे कद्दावर नेताओं के अलावा गौतम सरदाना की पत्नी मोनिका सरदाना, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीएल शर्मा, धनंजय गोयत, नरेंद्र कुमार, कृष्णा, भूपसिंह, वेदानकुर, निहाल सिंह, ललन, कपिल, जगदीश तायल, जगवंत बामल, हेमंत फौगाट, अनिल कुमार, जयभगवान, रोशन गोयल, महावीर ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में फार्म भरा है।
रेखा ऐरन की राह मुश्किल करेंगे उनके देवर कृष्ण ऐरन
इस चुनाव में सबसे बड़ी मुश्किल जिंदल हाउस और कुलदीप बिश्नोई की सांझा उम्मीदवार रेखा ऐरन को होगी। वजह यह है कि उनके सगे देवर कृष्ण ऐरन भी निर्दलीय के तौर पर नामांकन भर चुके हैं। कृष्ण ऐरन और उनके भाई हनुमान ऐरन के बीच रिश्ते खटास में है। इसलिए कृष्ण ऐरन ने अन्य उम्मीदवारों से कई दिन पहले ही प्रचार भी शुरू कर दिया। शहर में चारों तरफ उनके होर्डिंग लगे हुए हैं। अन्य उम्मीदवार जहां टिकट मिलने का इंतजार कर रहे थे, वहीं कृष्ण ऐरन तब तक एक बार कई बाजारों में डोर-टू-डोर जाकर जनसंपर्क अभियान पूरा कर गए।
जिंदल हाउस ने समर्थन नहीं दिया तो निर्दलीय के रूप में भरा फार्म
रेखा ऐरन से पहले कृष्ण ऐरन, रेखा सैनी व अरविंद खरींटा तीनों ही जिंदल हाउस से समर्थन मांग रहे थे। मगर ऐन मौके पर जिंदल हाउस ने कुलदीप बिश्नोई के साथ मिलकर भाजपा में रही रेखा ऐरन को कांग्रेस ज्वाइन करवाकर प्रत्याशी बना दिया। इससे खफा होकर रेखा सैनी और अरविंद खरींटा ने इन दो दिनों में निर्दलीय नामांकन भर दिया जबकि कृष्ण ऐरन पहले ही ऐलान कर चुके थे।
रेखा ऐरन से बोले बराला, मेरा दिल इतना छोटा नहीं कि बधाई न दूं....
जिस समय रेखा ऐरन नामांकन भरने पहुंची, उस समय गौतम सरदाना भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के साथ फार्म भरने की प्रक्रिया में लगे हुए थे। इसलिए करीब आधे घंटे तक रेखा ऐरन को इंतजार करना पड़ा। जैसे ही बराला बाहर निकले तो वह बाहर खड़ी रेखा ऐरन से मिलने लगे। रेखा के साथ खड़े लोगों ने बधाई देने को कहा तो सुभाष बराला बोले कि मेरा दिल इतना छोटा भी नहीं है कि बधाई ही न दूं। फिर वह रेखा ऐरन को कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी बनने की बधाई देकर चले गए।
ये होंगे मेयर प्रत्याशी
भाजपा - गौतम सरदाना
इनेलो-बसपा - अमित सैनी
कांग्रेस समर्थित - रेखा ऐरन
निर्दलीय - कृष्ण ऐरन, रेखा सैनी, अरविंद खरींटा, मोनिका सरदाना, वीएल शर्मा, धनंजय गोयत, नरेंद्र कुमार, कृष्णा, भूपसिंह, वेदानकुर, निहाल सिंह, ललन, कपिल, जगदीश तायल, जगवंत बामल, हेमंत फौगाट, अनिल कुमार, जयभगवान, रोशन गोयल, महावीर।