फोटो नंबर पांच
शिक्षकों को नई तकनीक और अनुसंधान से अवगत होना जरूरी : पुंडीर
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जीजेयू कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार पुंडीर ने कहा कि शिक्षकों को नई तकनीकों और नए अनुसंधानों से अवगत रहना चाहिए। वर्तमान दौर में तकनीक का बहुत अधिक महत्व है। यदि शिक्षक नई तकनीक से अपडेट होगा, तभी वह अपने विद्यार्थियों को पर्याप्त ज्ञान दे पाएगा।
डॉ. अनिल कुमार पुंडीर विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विकास केंद्र की ओर से शुरू किए गए 28 दिवसीय ओरियंटेशन कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही वास्तव में राष्ट्र का निर्माता होता है। शिक्षक नई तकनीकों की जानकारी अपनी कक्षा में शत-प्रतिशत देने का प्रयास करें। मानव संसाधन विकास केंद्र की ओर से करवाए जा रहे कोर्स शिक्षकों के लिए बहुत लाभदायक हैं। शिक्षक भी कोर्स में नियमितता से भाग लें। मानव संसाधन विकास केंद्र के निदेशक प्रो. नीरज दिलबागी ने कहा शिक्षकों को विद्यार्थियों की रुचि के आधार पर आगामी लक्ष्य की तरफ प्रेरित करना चाहिए। शिक्षक समाज में भी अपना अह्म रोल अदा कर सकते हैं। कोर्स समन्वयक प्रो. वंदना पूनिया ने कार्यक्रम की रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के कुल 30 शिक्षक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम को चार अलग-अलग चरणों में रखा गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान दो सत्र रखे जाएंगे। पहले सत्र में सैद्धांतिक ज्ञान दिया जाएगा। कोर्स समन्वयक डॉ. अनुराग सांगवान ने धन्यवाद संबोधन प्रस्तुत किया।