अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
कैंट के पास गैंगरेप प्रकरण के बाद ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो चालकों पर शिकंजा कस दिया है। अब पुलिस बिना पुलिस वेरिफिकेशन वाले चालकों को ऑटो रिक्शा नहीं चलाने देगी। पुलिस रात को चलने वाले ऑटो चालकों को नाइट पास जारी करेगी। पुलिस ने गैंगरेप की वारदात के बाद वीरवार को ऑटो चालकों के डॉक्यूमेंट्स जांचने का अभियान शाम तक चलाए रखा। पुलिस ने कागजात कंपलीट न मिलने पर 101 चालकों के चालान काटे और 12 ऑटो रिक्शा इंपाउंड किए।
ट्रैफिक पुलिस ने चलते ऑटो रिक्शा में एक महिला से कैंट के पास गैंगरेप होने के बाद सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस ने ऑटो रिक्शा का स्टीकर अभियान और तेज कर दिया है। पुलिस ने वीरवार को तोशाम रोड पर आईटीआई के पास, बरवाला चुंगी, बस स्टैंड, नीलम सिनेमा के पीछे, राजगढ़ रोड नहर पुल और कैमरी रोड पर अलग-अलग समय में ऑटो रिक्शा चालकों को रुकवाकर कागजात चेक किए। बिना कागजात वाले ऑटो चालकों के चालान काटे गए। पुलिस ने कागजात न होने पर 101 चालकों के चालान काटे और 12 ऑटो रिक्शा इंपाउंड किए।
ऑटो मालिकों पर होगी जवाबदेही
पुलिस सूत्रों के अनुसार जो चालक किराये पर ऑटो रिक्शा चलाते हैं, उनके पास नाइट पास न हुआ या पुलिस वेरिफिकेशन न हुई तो ऑटो मालिकों की जवाबदेही सुनिश्चित होगी। यह इसलिए किया गया है कि मालिक खुद वेरिफिकेशन वाले चालकों को प्राथमिकता दें। पूरे कागजात वाले चालकों को सेक्टर-14 स्थित ट्रैफिक कार्यालय में स्टीकर आवंटित किये जा रहे हैं।
2932 के पास स्टीकर
ट्रैफिक पुलिस ने पिछले दिनों कंपलीट कागजात वाले चालकों को स्टीकर जारी करने का अभियान शुरू किया था। वह अभियान अब ढीला पड़ गया था, लेकिन गैंगरेप मामले के बाद अभियान ने फिर तेजी पकड़ ली है। मंगलवार, बुधवार और वीरवार को करीब 350 चालकों ने कागजात कंपलीट दिखाकर स्टीकर लिए।
ऑटो चालकों के कागजात चेक करने का अभियान जारी रहेगा। अब पुलिस वेरिफिकेशन और नाइट पास वाले चालकों को ही रात को ऑटो चलाने दिए जाएंगे। चालक नाइट पास बनवाकर पुलिस वेरिफिकेशन करवा लें।
-प्रह्लाद सिंह, इंचार्ज जिला यातायात पुलिस, हिसार