अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
हरियाणा प्रदेश ऑटो रिक्शा कल्याण संघ विभिन्न मांगों को लेकर 16 अक्तूबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिलकर मांगों से अवगत करवाएगा। संघ के प्रधान जसवंत सिंह रंगा ने बताया कि ऑटो की आरसी बनवाने की फीस कम करने, ऑटो के बीमे, पासिंग फीस कम करने, रजिस्ट्रेशन फीस का टैक्स वापस लेने, सड़कों की दुर्दशा को सही करवाने, आटो के स्टैंड बनवाने सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदेशभर से ऑटो संघ के पदाधिकारी चंडीगढ़ में इकट्ठा होंगे।
प्रधान रंगा ने बताया कि पहले ऑटो की आरसी बनवाने के लिए ऑटो की कीमत का एक प्रतिशत टैक्स देना पड़ता था। इसे सरकार ने 2 प्रतिशत कर दिया है। इसके अलावा पहले आटो की पासिंग के लिए 25 रुपये महीना लिए जाते थे। अब यह राशि प्रतिदिन 50 रुपये है। ऑटो पर लोन चढ़वाने की फीस 100 रुपये थी जो अब 1500 रुपये है। इसी तरह आटो मालिक द्वारा आटो का लोन चुकाने के बाद आरसी से लोन हटवाने के लिए भी 100 रुपये वसूले जाते हैं। यह ऑटो चालकों की कमर तोड़ने वाला कदम है। हरियाणा उपप्रधान दीपक सेहरा ने कहा कि शहर की सड़कों की दशा खस्ता है। इन सड़कों पर ऑटो चालकों के साथ सवारियों को भी परेशानी होती है।