अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर हिसार की होनहार बेटियां कुश्ती पहलवान पूजा ढांडा और किरण गोदारा 17 अप्रैल को सुबह दिल्ली पहुंचेंगी। दिल्ली से परिजन उन्हें हिसार लेकर आएंगे। रजत पदक विजेता पूजा ढांडा के पिता अजमेर ढांडा ने बताया कि 17 अप्रैल को सुबह सात बजे दिल्ली हवाई अड्डे से पूजा हिसार के लिए रवाना होगी। रास्ते में मुंढाल बस स्टैंड पर उसका सामाजिक संगठनों द्वारा स्वागत होगा। मुंढाल से ओपन गाड़ी में सवार करके पूजा को बास गांव से नारनौंद, पेटवाड़ होते हुए पैतृक गांव बुड़ाना ले जाया जाएगा। बुड़ाना में आसपास के गांव के लोगों द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। रविवार को पूजा ढांडा के पिता अजमेर ने अपने गांव बुड़ाना पहुंचकर परिजनों से इस बारे में बैठक की।
परिजनों को भी किया जाएगा सम्मानित
डिप्टी सुपरिंटेंडेंट समुंद्र सिंह ने बताया कि 19 अप्रैल को पूजा ढांडा और किरण गोदारा की जीत की खुशी में जिला खेल विभाग महाबीर स्टेडियम में सम्मान समारोह का आयोजन करेगा। कार्यक्रम में दोनों पहलवान बेटियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम करीब चार बजे शुरू होगा। 17 और 18 अप्रैल को हिसार शहर में किरण व पूजा के स्वागत के लिए होर्डिंग्स भी लगाए जाएंगे।