अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सेक्टर 16-17 के व्यक्ति से पॉलिसी प्लान बदलवाने के नाम पर 50 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर व्यक्ति विनीत कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विनीत ने बताया कि उसके पास टाटा एआईए इंश्योरेंस की पॉलिसी है। इसकी सालाना किस्त 50 हजार रुपये है। इसकी किस्त हर साल जुलाई महीने में भरनी होती है। इस बार विनीत किस्त भरने में लेट हो गए। उसके पास एक मोबाइल फोन नंबर से कॉल आई कि आपकी पॉलिसी की किस्त ड्यू है, इसे भर दें। इसके अलावा फोन करने वाले व्यक्ति के पूछा कि क्या आपको पॉलिसी से संबंधित कोई परेशानी अथवा दिक्कत आ रही है तो आप कोई और प्लान भी ले सकते हैं। इसी के संबंध में विनीत ने बात कर ली और कहा कि उसके पार 21 ईयर का पॉलिसी प्लान है, उसे 14 ईयर में बदला जा सकता है। इस पर व्यक्ति ने कहा हां पॉलिसी स्विच करने के बाद इसे दूसरे प्लान में बदला जा सकता है। दोनों की सहमति हो गई। उन्होंने व्यक्ति को एक खाता नंबर बताया और इस खाते में रुपये ट्रांसफर करने के लिए बोला। विनीत ने उसके बताए अनुसार खाते में 50540 रुपये और जीएसटी के 1900 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने रसीद के बारे में पूछा तो व्यक्ति गोलमाल करने लगा। उसने अपने पॉलिसी नंबर के हिसाब से एकाउंट चेक करवाया तो उसकी पॉलिसी का प्लान पहले वाला ही था। पूछताछ में विनीत को पता चला कि ये रुपये उसने पॉलिसी के एकाउंट में जमा न करवाकर आईटी सर्विसिज के खाते में जमा करवा दिए। मामले का पता चलने के बाद वे थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने इस मामले में फिलहाल फोन नंबर के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।