कक्षा 11वीं के हिंदी की परीक्षा का प्रश्नपत्र भी बुधवार शाम को ही लीक हो गया। लेकिन इसकी भनक भी शिक्षा अधिकारियों को नहीं लग पाई। वीरवार को परीक्षा आयोजित भी करवा दी गई। 25 फरवरी से आरंभ हुई 11वीं व 9वीं की परीक्षाओं में पहले पेपर से ही प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आ रही है। वहीं पेपर चोरी की घटनाओं को देखते हुए 9वीं कक्षा के पेपर तो रद्द भी किए जा चुके है। लेकिन अभी भी 11वीं कक्षा की परीक्षाएं लगातार आयोजित की जा रही हैं। वीरवार को कक्षा 11वीं के हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। लेकिन अंग्रेजी की परीक्षा की तरह ही हिंदी का प्रश्नपत्र भी पहले ही विद्यार्थियों को मिल चुका था। वाट्सएप पर भी छात्रों द्वारा एक-दूसरे को प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाने की बात सामने आई। इस बारे में जब शिक्षा अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने इस बारे में अनभिज्ञता ही जाहिर की।
300 से 1000 रुपये तक बिका
वीरवार को आयोजित किया गया कोड नं 203 का प्रश्नपत्र बुधवार शाम को ही वाट्सएप व अन्य माध्यमों से छात्रों तक पहुंच गया। प्रश्नपत्र को 300 से 1000 रुपये तक बेचने की बात भी सामने आई है। अमर उजाला को एक जागरूक पाठक ने यह प्रश्नपत्र भी उपलब्ध करवाया, जिसमें परीक्षा में आए प्रश्नपत्र व पाठक द्वारा भेजे गए प्रश्नपत्र में आए सभी प्रश्न आपस में मेल खाते हैं। इस बारे में उपजिला शिक्षा अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने पेपर लीक होने के विषय में अनभिज्ञता जाहिर की।