अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद (हिसार)। राखी शाहपुर के परीक्षा केंद्र में बाहरी हस्तक्षेप के चलते परेशान केंद्र के स्टाफ ने राखी शाहपुर के सेंटर को तोड़ने की सिफारिश की है। परीक्षा केंद्र के सुपरिंटेंडेंट सतीश कुमार ने बताया कि शुरू के कुछ समय तो गांव के सरपंच व ग्रामीणों का सहयोग मिला, लेकिन पिछले दो दिनों से न तो गांव के सरपंच परीक्षा केंद्र में आ रहे हैं और न ही कोई ग्रामीण वहां पर आकर उनका सहयोग कर रहा है। परीक्षा केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप बहुत ज्यादा हो गया है। बाहर के युवा परीक्षा केंद्र की दीवारों पर चढ़कर अभद्र भाषा का प्रयोग भी करते हैं। इसके चलते स्वयं परीक्षा केंद्र के सुपरिंटेंडेंट ने भिवानी बोर्ड को परीक्षा केंद्र को रद्द कर केंद्र को कहीं और शिफ्ट करने की सिफारिश की है।
राखी गढ़ी के परीक्षा सेंटर के इर्द-गिर्द लोगों के जमावड़े के कारण स्टाफ और विद्यार्थियों को परेशानी की सूचना मिली है। अगर ग्रामीणों का सहयोग नहीं मिलता है तो सोमवार को परीक्षा सेंटर रद्द कर किसी दूसरे सेंटर पर शिफ्ट करने पर विचार किया जाएगा।
- जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी