फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आखिरी मीटिंग में केवल मेयर के एजेंडे पर ही होगा मंथन, पार्षदों से नहीं मांगे एजेंडे

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
नगर निगम में सदन की आखिरी बैठक में केवल मेयर शकुंतला राजलीवाला के एजेंडों पर ही मंथन होगा। बैठक में रखने के लिए अन्य पार्षदों से कोई एजेंडे नहीं मांगे गए हैं। बैठक में अधिकारी मेयर द्वारा पांच साल की मांगी गई ग्रांट व वार्डों में करवाए गए कार्यों की रिपोर्ट ही रखेंगे। हालांकि बैठक में पार्षदों को अपनी बात रखने का मौका भी दिया जाएगा। पुराने एजेंडों पर भी अब तक हुई प्रगति को लेकर पार्षद सवाल पूछ सकेंगे।
गौरतलब है कि 27 जून को नगर निगम में सदन की आखिरी बैठक होगी। 1 जुलाई को मौजूदा पार्षदों का कार्यकाल खत्म हो जाएगा। उसके बाद निगम की कमान पूरी तरह प्रशासक के हाथों में होगी।
विज्ञापन


पार्षद बोले, अब नई सरकार में रखेंगे एजेंडे
आखिरी बैठक होने के कारण पार्षदों में बैठक को लेकर कोई उत्साह नहीं है। पार्षद इस बैठक को मात्र औपचारिकता ही बता रहे हैं। इसलिए पार्षदों द्वारा व्यक्तिगत तौर पर भी अभी तक कोई एजेंडा जमा नहीं करवाया गया है। कुछ पार्षदों ने बैठक के दौरान ही विकास कार्यों को लेकर पहले पास हो चुके एजेंडों को लेकर ही चर्चा करने की बात कही है। हालांकि अगला चुनाव लड़ने का भी मना बना चुके कई पार्षदों का कहना है कि अब नई सरकार का गठन होने के बाद ही एजेंडे रखेंगे।

पिछली बैठक में पास एजेंडों पर भी काम नहीं हुआ शुरू
पार्षदों का कहना है कि सदन की बैठक में पास होने वाले एजेंडों पर अधिकारियों द्वारा गंभीरता नहीं बरती जाती है। पिछले बैठक में पास हुए एजेंडों पर भी कोई काम नहीं किया जा रहा है। खुद कमिश्नर ने पिछली बैठक में शहर के सभी पार्कों में पार्षदों को साथ लेकर बिजली व्यवस्था, बैंच लगाने और पानी की व्यवस्था जांचने के आदेश दिए थे लेकिन अभी तक कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। इसी तरह अन्य एजेंडे भी ठंडे बस्ते में ही पड़े हैं।

आखिरी बैठक 27 जून को होगी, इसकी जानकारी मिली है। अभी तक हमने कोई एजेंडे नहीं दिए हैं। पिछली बार के ही कई एजेंडे पेंडिंग पड़े हैं। बाकी मंगलवार को निगम में जाने के बाद देखेंगे।
विज्ञापन

अजीत सिंह, पार्षद, वार्ड नंबर 10

निगम की आखिरी बैठक के लिए मैंने कोई एजेंडा नहीं दिया है। अब तो शहर की नई सरकार गठित होने के बाद ही एजेंडे रखेंगे।
नरेंद्र शर्मा, पार्षद, वार्ड नंबर 19

आखिरी बैठक के लिए पार्षदों से एजेंडे नहीं मांगे गए हैं। अधिकारियों से ही शहर में चल रहे बड़े प्रोजेक्ट्स के स्टेटस की रिपोर्ट मांगी गई है। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में कितनी-कितनी राशि खर्च हुई, इसकी भी जानकारी मांगी है। बाकी बैठक में कोई पार्षद अपनी बात रखना चाहे तो रख सकता है।
शकुंतला राजलीवाला, मेयर, नगर निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें