अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सीएम मनोहर लाल वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये अंत्योदय आहार योजना को शुरू किया। इसमें श्रेणी के श्रमिक, कामगार और मजदूरों को केवल 10 रुपये कीमत पर भोजन मिल सकेगा। शनिवार को सीएम ने हिसार, गुरुग्राम, यमुनानगर और फरीदाबाद में पांच स्थानों पर यह कैंटीन शुरू की है।
इस मौके पर विधायक डॉ. कमल गुप्ता से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संवाद स्थापित करते पूछा डॉ. साहब क्या भोजन तैयार हो गया है। सीएम ने कहा डॉ. साहब आज शुभारंभ मौके पर आप अपने साथियों के साथ दस रुपये का कूपन लेकर इस कैंटीन में भोजन करके जाएं। इस अवसर पर विधायक डॉ. कमल गुप्ता और भाजपा जिला महामंत्री सुजीत कुमार सहित सभी भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी 10 रुपये अदा करके कूपन प्राप्त किए। श्रमिकों के साथ बैठकर भोजन किया। श्रम विभाग के उपनिदेशक सुनील खुराना ने योजना के संबंध में जानकारी दी।
इस मौके पर चेयरमैन जोगी राम सिहाग, अतिरिक्त उपायुक्त एएस मान, एसडीएम परमजीत सिंह, भाजपा के जिला महामंत्री सुजीत कुमार, रवि सैनी, प्रवीण जैन, निगम के संयुक्त आयुक्त जयवीर यादव, हनुमान ऐरन, डॉ. योगेश बिदानी, सुरेश गोयल धूपवाला, गणेश दत्त शर्मा, अर्बन मंडल महामंत्री संजय सैनी, एमपी कुलश्रेष्ठ, सहायक निदेशक विवेक बतरा, सुनील नंदा, महावीर जांगड़ा मौजूद थे।
जल्द होगा विस्तार...
सीएम ने कहा कि पहले चरण में यह 5 स्थानों पर शुरू किया गया है। जल्द ही इसे सभी जिला मुख्यालयों पर शुरू किया जाएगा। जरूरत के अनुसार इंडस्ट्रीयल एरिया में भी ऐसी कैंटीन शुुरू की जाएंगी।
श्रम विभाग के उपनिदेशक सुनील खुराना ने बताया कि इस योजना में भवन निर्माण मजदूर, औद्योगिक श्रमिक, वेलफेयर बोर्ड में पंजीकृत श्रमिक मजदूर इसका फायदा ले सकते हैं। इसके अलावा अन्य गरीब मजदूर भी भोजन भी सकेंगे।
दिल्ली के ठेकेदार चलाएंगे कैंटीन...
कैंटीन को दिल्ली के ठेेकेदार को दिया गया है। जो 20 रुपये में थाली तैयार करेंगे। जिसमें दस रुपये श्रमिक से लिया जाएगा। दस रूपये श्रम विभाग की ओर से अनुदान दिया जाएगा। शुरूआती दौर में 300 प्लेट खाना तैयार करेंगे। इसके बाद रिस्पांस के अनुसार इसे कम या ज्यादा किया जाएगा।
11.30 से 2.30 तक चलेगी कैंटीन
पहले चरण में यह कैंटीन 11 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी। जिसमें 2.30 बजे तक खाना उपलब्ध कराया जाएगा। बाद में मजदूरों की जरूरत के अनुसार समय में बदलाव किया जा सकता है।
श्रम विभाग करेेगा निगरानी...
श्रम विभाग की ओर से तैनात एक कर्मचारी रोजाना कैंटीन में जांच करेगा। जो खाने की गुणवत्ता तथा मात्रा को लेकर जांच करेगा। यह जांच रिपोर्ट रोजाना मुख्यालय भेजी जाएगी।
वैन से भी भेजेंगे खाना...
उपनिदेशक सुनील खुराना ने कहा कि अगर किसी निर्माण स्थल पर 50 से अधिक मजदूर काम कर रहे होंगे तो उस एरिया में वैन से भी खाना भेजा जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से योजना तैयार की जा रही है। विभाग औद्योगिक एरिया में भी ऐसी कैंटीन शुरू कराएगा