अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान जिस भी गांव के परीक्षा केंद्र में नकल चलेगी। जहां ग्रामीणों या परिजनों द्वारा केंद्र का माहौल बिगाड़ा जाएगा, उस केंद्र को बोर्ड प्रशासन तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा। जो-जो संवेदनशील परीक्षा केंद्र हैं, उन सभी पर पुलिस कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
फिलहाल प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो या तीन ही पुलिसकर्मी तैनात हैं। हरियाणा शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन जगबीर सिंह ने सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों को आदेश दिए हैं कि वह अपने परीक्षा केंद्र पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगवा सकते हैं। इसके लिए अधीक्षक को अपने संबंधित थाना प्रभारी की मदद लेनी है।
अब तक चार केंद्रों पर हो चुके हैं पेपर रद्द
गौरतलब है कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं सात मार्च से शुुरू हुई थीं। पहली परीक्षा 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय की थी। उस दौरान हिसार के देवी भवन स्कूल में बनाए दोनों केंद्रों पर नकल चलने के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई थी। शनिवार को 12वीं कक्षा का हिंदी विषय का पेपर था। नकल चलने व ग्रामीणों द्वारा केंद्र का माहौल खराब करने के कारण नारनौंद के गांव उगालन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक का केंद्र सहित पेेपर भी रद्द हुआ। वहीं उमरा गांव के राजकीय कन्या विद्यालय में भी हिंदी का पेपर रद्द हुआ।
उगालन का परीक्षा केंद्र हांसी पीसीएसडी स्कूल में शिफ्ट
गांव उगालन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का केंद्र रद्द हो चुका है। सोमवार को इस केंद्र में सिर्फ दसवीं कक्षा का हिंदी विषय का ही पेपर आयोजित करवाया जाएगा। यह इस केंद्र पर इस बार की अंतिम परीक्षा होगी। इसके बाद गांव उगालन के केंद्र में परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों का केंद्र हांसी के पीसीएसडी स्कूल में शिफ्ट किया जाएगा। सोमवार को होने वाली दसवीं की परीक्षा समाप्त होते ही सभी विद्यार्थियों को इस बारे में अवगत भी करवा दिया जाएगा।
वर्जन
बाहरी लोगों द्वारा परीक्षा केंद्रों का माहौल खराब किया जा रहा है। इस वजह से परीक्षाएं व केंद्र दोनों रद्द करने पड़ रहे हैं। अब जिस भी केंद्र पर नकल चलेगी या बाहरी लोग नकल डालने के लिए माहौल बिगाड़ेेंगे, उन लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और तत्काल प्रभाव से उस परीक्षा केंद्र को रद्द कर दिया जाएगा।
- बलजीत सहरावत, जिला शिक्षा अधिकारी