अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय इनोवेशन एंड इनक्युबेशन सेंटर की डिजिटल लांचिंग शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर श्रीनगर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये की गई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय इनोवेशन एंड इनक्युबेशन सेंटर की स्थापना राष्ट्रीय उच्चत्तर शिक्षा अभियान से प्राप्त हुए 15 करोड़ रूपये के अनुदान से की गई है। लांचिंग समारोह विश्वविद्यालय के चौधरी रणबीर सिंह सभागार में हुआ। इस दौरान विधायक डॉ.कमल गुप्ता, कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार, मेयर गौतम सरदाना, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. जगबीर सिंह, कुलसचिव डा. अनिल कुमार पुंडीर व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया भी उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक डॉ.कमल गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों को नौकरियों को तलाशने वाला नहीं बनना चाहिए, बल्कि नौकरियां देने वाला बनना चाहिए। विद्यार्थियों को इनोवेशन मंत्रा अपनाना चाहिए। कोई भी राष्ट्र शोध व आविष्कार से ही आगे बढ़ सकता है। उन्होंने फोटोग्राफी कैमरे का उदाहरण देते हुए बताया कि इस कैमरे की विकसित तकनीकों ने आज चिकित्सा क्षेत्र में भी क्रांति ला दी है। डॉ. गुप्ता ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय के महान दृष्टिकोण तथा उनके जीवन चरित्र के बारे में बताया तथा कहा कि हम तभी सुखी रह सकते हैं जब भारत का हर व्यक्ति सुखी हो।
मेक इन इंडिया व स्टार्टअप जैसे अभियान को सार्थक करेगा सेंटर
प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय इनक्युबेशन सेंटर शोध तथा आविष्कार के क्षेत्र में मिल का पत्थर साबित होगा। यह सेंटर हरियाणा तथा भारत सरकार के मेक इन इंडिया तथा स्टार्ट-अप जैसे अभियानों को सार्थक करेगा। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि विद्यार्थी अपने आइडियाज को मार्केटेबल आइडियाज में परिवर्तित करें तथा रोजगार के अवसर सृजित करें। सही दिशा में रखा गया कदम एक विद्यार्थी को उद्यमियता की ओर ले जाता है। उन्होंने स्विटजरलेंड तथा स्वीडन जैसे देशों का उदाहरण देते हुए बताया कि उन देशों के पास बहुत अधिक मात्रा में प्राकृतिक संसाधन नहीं है। इसके बावजूद शोध तथा आविष्कार के दम पर ये देश विकसित देशों की श्रेणी में खड़े हैं तथा इनके नागरिकों का जीवन स्तर अत्यंत उच्च स्तर का है।
राष्ट्रीय उच्चत्तर शिक्षा अभियान के तहत मिले 50 करोड़
राष्ट्रीय उच्चत्तर शिक्षा अभियान के निदेशक प्रो. नीरज दिलबागी ने बताया कि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत कुल 50 करोड़ रूपये का अनुदान स्वीकृत हुआ है। इससे विश्वविद्यालय के करीब पांच हजार विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। इस मौके पर यूनिवर्सिटी कंप्यूटर एंड इंफोर्मेटिक्स सेंटर के निदेशक मुकेश अरोड़ा सहित विश्वविद्यालय के संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।