अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। दयानंद कॉलेज इनसो के पूर्व प्रधान गांव कुलेरी निवासी युवक सुनाम नैन की संदिग्ध मौत को लेकर बुधवार को छात्रों का गुस्सा सड़कों पर दिखा। इनसो कार्यकर्ता सुनाम के परिजनों के साथ एचएयू के गेट नंबर चार से प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। एसपी शिवचरण मौके को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
बुधवार को छात्र एचएयू गेट पर एकत्र हुए। मृतक छात्र नेता सुनाम नैन को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत विरोध के रूप में जोरदार नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को लघु सचिवालय के गेट पर ही रोक लिया गया। छात्रों ने दी चेतावनी देेते हुए कहा कि चार दिनों में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो जिले के सभी कॉलेजों में तालाबंदी करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। एसपी से बातचीत के लिए अड़े छात्रों से डीएसपी अमरजीत सिंह बातचीत के लिए पहुंचे। छात्र एसपी से ही बातचीत करने पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर एसपी ज्ञापन लेने के लिए नहीं पहुंचे तो रोड जाम कर दिया जाएगा। उस दौरान गिनती भी शुरू कर दी। कुछ देर बाद एसपी मौके पर पहुंचे।
इनसो के पूर्व डीएन कॉलेज प्रधान सुनाम नैन की मौत के मामले को परिजनों ने हत्या बताया। परिजनों के अनुसार सुनाम के साथ मारपीट करके उसे जबरदस्ती जहर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुनाम की होठ व मुंह पर चोट के अलावा छाती की हड्डियां टूटने की बात सामने आई है। हार्ट व फेफड़ों पर अत्याधिक दबाव के कारण मौत हुई है। मौत का समय शाम के चार बजे के करीब का है। डाक्टर्स ने उस जहर को मौत की वजह नहीं बताया है। जिसकी बोतल सुनाम की गाड़ी से पुलिस को बरामद हुई है। ना वो जहर उसके शरीर में मिला है। पुलिस इस मामले में आत्महत्या मानकर आरोपी युवती सोनू व उसके परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
क्या था मामला
इनसो के पूर्व डीएन कॉलेज प्रधान अग्रोहा खंड के गांव कुलेरी निवासी सुनाम नैन की शुक्रवार को चिकनवास टोल प्लाजा के पास मन्नत होटल के समीप अपनी बोलेरो गाड़ी में मृत मिला था। पुलिस ने इस मामले में मृतक के पिता जयपाल सिंह की शिकायत पर गांव सुलखनी निवासी युवती सोनू व उसके परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व सांझी साजिश करके जुर्म को अंजाम देने का मामला दर्ज किया था। परिजनों के आरोपों के अनुसार युवती सोनू का सुनाम के साथ रिश्ता तय हुआ था जो बाद में टूट गया। युवती व उसके परिजनों ने सुनाम कि हत्या की है।
परिजनों के अनुसार कैसे हुआ घटनाक्रम
12.33 सुनाम ने अग्रोहा से हिसार की ओर अकेले अपनी गाड़ी में चिकनवास टोल पार किया।
2.53 सुनाम हिसार से अग्रोहा की गाड़ी में युवती कंडक्टर सीट पर बैठी दिखी।
3.30 परिजनों ने सुनाम को फोन किया तो उसने फोन अटैंड नहीं किया।
3.52 युवती के साथ सुनाम अग्रोहा पार करते हुए एक दुकान के सीसीटीवी में दिखाई दिया।
4.26 मन्नत होटल के सीसीटीवी में सुनाम की गाड़ी दिखाई दी। युवती गाड़ी चला रही है। सुनाम रेस्ट की हालत में कंडक्टर सीट पर लेटा हुआ है।
4.30 सुनाम का फोन स्विच आफ हुआ।
5.00 खेत में पानी देने जा रहा एक किसान सुनाम को गाड़ी में देखा।
8.00 बजे उसी किसान ने सुनाम को उसी अवस्था में देख पुलिस को सूचना दी।
8.15 बजे सुनाम के दोस्त उसे ढूंढते हुए वहां पहुंचेे।
मैं खुद इस मामले की जांच कर रहा हूं। आज आरोपी लड़की व उसके परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस तथ्यों के आधार पर मामले की निष्पक्षता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद विसरा मधुबन भेजा गया है। रिपोर्ट आने से पहले इसे हत्या या आत्महत्या नहीं बताया जा सकता।
- अमरजीत सिंह कटारिया, डीएसपी हिसार।