अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय पराशर की अदालत ने सोमवार को सेंट्रल जेल वन में सतलोक आश्रम प्रकरण के हत्या के 430 नंबर मुकदमे में सुनवाई की। अदालत में आरोपी पक्ष ने अपनी सफाई के लिए गवाहों की सूची पेेश की। अदालत अब इस मामले में 26 फरवरी को सुनवाई करेगी। रजनी यूपी के जिला ललितपुर की रहने वाली थी। उसकी नवंबर 2014 में हुए सतलोक आश्रम प्रकरण के दौरान मौत हो गई थी। मृतका के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कोर्ट में केस किया हुआ है।
हत्या का मुकदमा नंबर 430 आश्रम में महिला रजनी की मौत से जुड़ा है। इस मुकदमे में आश्रम प्रमुख रामपाल समेत 14 आरोपी हैं। मुख्य आरोपी रामपाल समेत छह आरोपी जेल में बंद हैं और आठ आरोपी जमानत पर हैं। पुलिस ने कस्टडी वाले आरोपियों को पेश किया और बाकी आरोपी पेश होने खुद आए। मुख्य आरोपी रामपाल की पेशी वीसी से हुई। वह गंगवा रोड की सेंट्रल जेल टू में बंद है। आरोपी पक्ष ने अदालत में अपनी सफाई के लिए गवाहों को सूची पेश की। बाद में अदालत ने मुकदमे की अगली तारीख 26 फरवरी मुकर्रर कर दी। हत्या के मुकदमे की सुनवाई के चलते मुख्य आरोपी रामपाल के काफी समर्थक बाहर से आए हुए थे, लेकिन इस बार समर्थक टाउन पार्क और जयदेव नगर में पहले की अपेक्षा कम देखने को मिले। वे जेल टू के पास नहर के किनारे काफी संख्या में मौजूद थे। उनकी भीड़ मुकदमे की तारीख लगने के बाद छंट गई।