हिसार। जिले में काफी दिनों बाद बुधवार को कोरोना केस और मौत दोनों के आंकड़ों में राहत मिली है। यह जिले वासियों के लिए अच्छे संकेत हैं। विशेषज्ञों द्वारा भी अनुमान लगाया जा रहा है कि कोरोना की दूसरी लहर खत्म होने की स्थिति में है। इस समय जिले में चरम के मुकाबले 10 प्रतिशत ही केस मिल रहे हैं। चरम में 1000 से लेकर 1500 केस मिल रहे थे। मगर अब 100 से 150 तक केस मिल रहे हैं। अब ग्रामीण क्षेत्र से भी शहर के मुकाबले कम केस मिल रहे हैं और मौत भी कम हो रही है। बुधवार को 102 मरीज मिले, जिनमें ग्रामीण क्षेत्र से 45 है और बाकी मरीज शहरी क्षेत्र से मिले हैं।
102 मिले संक्रमित, 165 हुए ठीक
जिले में बुधवार को एक व 6 वर्षीय बच्चे एवं 20 छात्र सहित 102 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इनमें अधिकतर सीनियर सिटीजन सरकारी कर्मचारी हैं। वही 22 मरीज ऐसे मिले हैं जो अज्ञात हैं। 165 मरीज कोरोना से जंग जीतने के बाद स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। संक्रमण से चार मरीजों की मौत हुई है।
सक्रिय मरीजों की घट रही संख्या
जिले में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 53182 हो गया है। इन दिनों सक्रिय मरीजों की संख्या घट रही है। इस समय 1325 सक्रिय मरीज है, इन मरीजों का होम आइसोलेट और अस्पताल में उपचार चल रहा है। अब ठीक होने वाले मरीजों का रेट बढ़ कर 95.62 प्रतिशत हो गया हैं। अब जिले में कोरोना से होने वाली मौत का आंकड़ा 1004 हो गया है।
मरने वालों में तीन युवक
कोरोना से मरने वालों में तीन युवक और एक बुजुर्ग महिला शामिल है। यह चारों मरीज मेडिकल कॉलेज में दाखिल थे और वेंटिलेटर पर थे। इनमें से 3 मरीज शुगर, बीपी जैसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त है और एक मरीज के अभी तक विभाग को मौत के कारणों का पता नहीं चला है।