अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। ट्रेन में सफर के दौरान मुसाफिर प्लास्टिक की खाली बोतलों को कचरे में फेंकने के बजाय उन बोतलों से कुछ रुपये कमा सकते हैं। इसके लिए रेलवे ने नई योजना की शुरुआत की है। रेलवे स्टेशन की वेटिंग हॉल में क्रश मशीन स्थापित की गई है। इस मशीन में प्लास्टिक की खाली बोतल डालने के बाद 5 से 15 रुपये के कूपन मिलेंगे। इन कूपन को पांच अलग-अलग जगहों पर सामान खरीदने के लिए प्रयोग में लाया जा सकता है। शुक्रवार शाम को रेलवे अधिकारियों ने इस क्रश मशीन का शुभारंभ कर दिया। मशीन से निकलने वाले कूपन को स्टेशनरी के अलावा चार अन्य काउंटर पर छूट दी जाएगी। स्टेशनरी पर तकरीबन 25 प्रतिशत छूट मिलेगी और अन्य काउंटर पर 5 से 15 रुपये की छूट मिलेगी।
ऐसे काम करती है मशीन
क्रश मशीन पर एक छोटा डिस्प्ले लगा हुआ है। इसमें प्लास्टिक की बोतल को रीसाइकिलिंग करने का ऑप्शन आता है। इसके अलावा पांच तरह के कूपन की जानकारी मांगेगा। जैसे ही इस ऑप्शन को दबाया जाएगा तो वह उपभोक्ता से उसका मोबाइल नंबर मांगेगा। उपभोक्ता को मशीन पर डिस्प्ले बोर्ड में अपना मोबाइल नंबर डालना होगा। उसके बाद उपभोक्ता को खाली बोतल मशीन के दरवाजे में डालनी होगी। इसके बाद एंड बटन दबाने का ऑप्शन आएगा। एंड का बटन दबाते ही क्रश प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और कूपन बाहर आएगा।
बोतल क्रश मशीन से रेलवे स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था को सुधारने में काफी मदद मिलेगी। ये रेलवे की सराहनीय योजना है। रेलवे स्टेशन पर आने हर व्यक्ति व यात्रियों से आग्रह है कि इस मशीन का प्रयोग करके रेलवे स्टेशन को साफ सुथरा रखने में रेलवे का सहयोग करें। -एमपी चुघ, रेलवे स्टेशन अधीक्षक