अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। एन्हांसमेंट की री केलकुलेशन करवाने को लेकर हरियाणा स्टेट सेक्टर कॉन्फीड्रेशन के पदाधिकारियों ने पूर्व मंत्री छत्रपाल के माध्यम से केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां से मुलाकात की। सेक्टरवासियों ने केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह को सरकार के नकारात्मक रवैये से अवगत करवाया। कॉन्फीड्रेशन के स्टेट कन्वीनर यशवीर मलिक ने केंद्रीय मंत्री को बताया पिछले 6 महीने से हरियाणा के सेक्टरवासी सड़कों पर हैं। सरकार टेबल पर बैठकर बातचीत तो करती है लेकिन सभी पॉइंट्स पर सहमति बनाने के बावजूद उसे लागू नहीं कर रही। हर बार सेक्टरवासियों को धोखा देने का काम किया जा रहा है। मंत्री बीरेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया है कि इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से बात करेंगे। यशवीर मलिक ने कहा जिस तरह हरियाणा सरकार हर बार उन्हें टरका रही है, उससे सरकार की मंशा ठीक नहीं लग रही है।
पानीपत में प्रदेश कमेटी की बैठक 14 को
14 अक्तूबर को पानीपत में प्रदेश कमेटी की बैठक बुलाई गई है, जिसमें आर-पार की लड़ाई का एलान किया जाएगा। यशवीर मलिक ने बताया कि सरकार यह समझ लें कि सेक्टरवासी चुप बैठने वाले नहीं है। पानीपत में आंदोलन को फिर शुरू करने की रणनीति बनाई जाएगी। इस अवसर पर जिला प्रधान सतपाल ठाकुर, डीएस खर्ब, सतबीर कुंडू, सेक्टर 16-17 वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव नरेंद्र पिलानिया, कुलबीर दूहन, सेक्टर 15 के प्रधान रविंद्र ढांडा, बलवान पूनिया, बलबीर लाठर, वेद सिहाग, बलवंत बूरा और ओपी श्योकंद उपस्थित थे