अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जीजेयू में स्टेनो की भर्ती भी विवादों में आ गई है। स्टेनो की भर्ती में इंटरव्यू के लिए बुलाए गए आवेदकों ने धांधली का आरोप लगाते हुए इसे हाईकोर्ट में चुनौती देने का फैसला लिया है। आवेदकों ने इस बारे में सीएम मनोहर लाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शिकायत भेजी है।
जीजेयू में स्टेनो की भर्ती के लिए पांच से 11 अगस्त तक इंटरव्यू किए गए गए, जिसमें कुल 16 आवेदक बुलाए गए थे। शॉर्ट हैंड की परीक्षा और शैक्षणिक अंक को मिलाकर मेरिट तैयार की गई थी, जिसमें शॉर्ट हैंड टेस्ट के 60 अंक तय किए गए थे। एजुकेशनल क्वालिफिकेशन के 28 अंक तय किए गए थे। इसके बाद 12 अंक का इंटरव्यू तय किया गया था। शॉर्ट हैंड और एजुकेशन टेस्ट में किरणवती ने कुल 63.96 के साथ पहला स्थान हासिल किया था, जिसमें टेस्ट के 51.5 नंबर थे। एजुकेशनल क्वालिफिकेशन के 12.46 अंक थे। बुधवार को इंटरव्यू किया गया। इंटरव्यू के बाद ज्वाइनिंग लेटर भी जारी कर दिया गया। किरणवती ने आरोप लगाया कि मेरिट लिस्ट में आठवें स्थान वाले को गलत तरीके से नियुक्ति दी गई है। आठ नंबर पर रहने वाली मोनिका को इन दोनों टेस्ट में 57.34 अंक मिले थे। किरणवती का आरोप है कि यह आवेदक जीजेयू के एक अधिकारी के यहां नियुक्त कर्मचारी की रिश्तेदार है। अगर इंटरव्यू में उनको चार नंबर भी मिलें तो उनके नंबर 68 हो जाएंगे। जिस युवती को नियुक्त किया गया, उसे 12 अंक देने पर 69 नंबर हो सकेंगे। तब उसकी नियुक्ति हो सकती है।
हाईकोर्ट में चैलेंज करेंगे
किरणवती ने कहा कि इस नियुक्ति को हाईकोर्ट में चैलेंज करेंगे। इस तरह की धांधली को सहन नहीं किया जाएगा। सबसे टॉपर आवेदक को इंटरव्यू में महज चार अंक भी नहीं दिए गए। आठवीं रैंक की आवेदक को इंटरव्यू में 12 अंक कैैसे दे दिए गए। किरणवती के साथ अन्य आवेदकों ने भी इस बारे में सीएम और प्रधानमंत्री मोदी को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी है।
इंटरव्यू में अधिक नंबर दिए जाने की शिकायत मेरे पास नहीं आई है। मुझे इस बारे में आपसे ही जानकारी मिली है। शिकायत आएगी तो इस बारे में जानकारी लेंगे।
-टंकेश्वर कुमार, कुलपति जीजेयू हिसार
इंटरव्यू के नंबर पर उठाए सवाल
मेरिट लिस्ट में आठवें स्थान वाले को गलत तरीके से नियुक्ति देने का आरोप
हाईकोर्ट में चैलेंज करेंगे भर्ती को