अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
प्रदेश में पंजीकृत श्रमिकों को बेटी की शादी पर सरकार की तरफ से मिलने वाले 51 हजार रुपये के लिए चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। बल्कि शादी से तीन दिन पहले श्रम विभाग के अधिकारी श्रमिक के घर खुद जाकर चेक प्रदान करेंगे। रविवार को हिसार की नई अनाज मंडी में 62वें श्रम सम्मेलन में श्रम राज्यमंत्री नायब सैनी ने यह बात कही। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों को एक करोड़ 68 लाख 50 हजार रुपये के चेक वितरित किए। नायब ने बताया कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती को श्रमिक दिवस के रूप में सोनीपत में राज्यस्तरीय कार्यक्रम मनाया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री करेंगे।
एक हजार दिन में मजदूरों को दिए 140 करोड़ रुपये
श्रम मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक हजार दिन के अपने कार्यकाल में 1.36 लाख श्रमिकों को 140 करोड़ के वित्तीय लाभ उनके बैंक खातों में भेजे हैं, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में केवल 19 हजार श्रमिकों को 28 करोड़ रुपये दिए गए थे।
श्रमिकों के लाभों में बढ़ोतरी
नायब सैनी ने बताया कि वर्तमान सरकार ने पंजीकृत श्रमिकों को मिलने वाली पेंशन की राशि को 300 से बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया है। पहले दुर्घटना के शिकार श्रमिकों को 1 से 2 लाख रुपये ही मिलते थे। वर्तमान सरकार ने इसे बढ़ाकर 1.5 से 3 लाख रुपये कर दिया है। काम के दौरान मौत पर पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये दिए जा रहे हैं। श्रमिकों को परिवार के पांच सदस्यों के साथ चार धाम की यात्रा करने पर किराए आदि की पूर्ति का भुगतान भुगतान भी किया जाएगा।
बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च भी वहन करेगी सरकार
सैनी नेे कहा कि अकसर धन की कमी के कारण श्रमिक अपने बच्चों को उच्च शिक्षा नहीं दिलवा पाते हैं, लेकिन अब यदि किसी श्रमिक का बेटा डॉक्टर, आईआईटी या वकालत जैसे कोर्स करना चाहता है तो सरकार इसका सारा खर्च वहन करेगी। इसके लिए पिछले वित्तवर्ष में सरकार ने श्रमिकों के बच्चों को साढ़े नौ करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान की है। साथ की पहली कक्षा से बीए तक पढ़ने वाले बच्चों को तीन से 12 हजार रुपये की स्कॉलरशिप भी दी जाती है।
श्रमिकों को मिलेगा 10 रुपये में भरपेट भोजन
मंत्री ने बताया कि सरकार ने श्रमिकों के लिए 10 रुपये में भरपेट भोजन की योजना शुरू की है। इसके तहत अब तक प्रदेश के छह जिलों में कैंटीन शुरू की गई हैं। जल्द ही छह अन्य जिलों में भी ये कैंटीन खोली जाएंगी, जिसमें हिसार भी शामिल है। श्रमिक ऑनलाइन या ऑफलाइन विभाग में केवल पंजीकरण करवाएं।
विधायक गुप्ता ने जन धन योजना में खुले खातों को बताया ऐतिहासिक
विधायक कमल गुप्ता ने बताया कि 1971 से 2014 तक सभी सरकारों द्वारा केवल 2.5 करोड़ लोगों के ही बैंक खाते खुलवाए गए, जबकि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत अब देश के हर परिवार के सदस्यों के खाते हैं, जिनकी संख्या 27 करोड़ से अधिक हो गई है।
पीएम मोदी समझते हैं गरीब का दर्द
भाजपा अनुशासन कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. गणेशी लाल ने बताया कि पीएम मोदी गरीब के दर्द को भली-भांति समझते हैं। उनका मानना है कि हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज की यात्रा करे। पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि भारत युवाओं का देश है। जो युवा शक्ति 12 से 15 घंटे तक हरिद्वार से हरियाणा के किसी भी जिले तक कांवड़ पहुंचा सकते हैं, वे बॉर्डर पर गोलियां भी दाग सकते हैं, बस जरूरत है तो उन्हें केवल दिशा की। मुख्यमंत्री के ओएसडी कैप्टन भूपेंद्र सिंह ने विशेषरूप से सम्मेलन में पहुंचकर मुख्यमंत्री द्वारा श्रमिकों के लिए भेजा गया संदेश कामगारों को दिया।
ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर सम्मेलन के संयोजक रवि सैनी, ओमप्रकाश जांगिड़, भवन एवं सनिर्माण कामगार संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष जंग बहादुर, ओपी मालिया, हनुमान गोदारा, रतन सैनी, चेयरमैन महावीर प्रसाद मौजूद थे।
फोटो 43 से 48
62वें श्रम सम्मेलन में श्रम राज्यमंत्री नायब सैनी ने 1.68 करोड़ के चेक किए वितरित