हांसी सामुदायिक भवन में टूट कर गिरा एसी व जमा पानी।
- फोटो : जागरूक पाठक
हांसी। बोगा राम कॉलोनी में करीब 6.50 करोड़ रुपये की लागत से बने शहीद मदनलाल ढींगरा सामुदायिक भवन की हालत उद्घाटन होने से पहले ही खराब हो गई है। सामुदायिक भवन से 10 एसी, बिजली फिटिंग का सामान, शौचालयों का सामान, छत पर लगे 15 पंखें गायब है। साथ ही भवन की छत से पानी टपकने लगा है।
शनिवार शाम को एक जेसीबी इस कम्युनिटी सेंटर परिसर चलती नजर आई तो वार्ड निवासी संजय बब्बर व अन्य वहां पहुंचे और वहां देखा तो पता लगा कि मुख्य हॉल में लगे चार एसी नीचे लटक रहे थे। एक ऐसी गायब था। अन्य एसी के भी तार कटे हुए थे। सामुदायिक भवन के हाल में कमरों में लगे हुए ढाई-ढाई टन की कैपेसिटी के करीब 10 एसी गायब हैं। इसके अलावा बिजली के तार, बिजली फिटिंग का सामान भी चोरी हुआ है। भवन के शीशे तक तोड़ दिए गए हैं। शौचालयों में हैंडवाशर, टोंटी, पानी की फिटिंग भी तोड़ दी गई है। फिटिंग का सामान भी गायब है। भवन के दरवाजे व खिड़कियां भी तोड़ दी गई हैं। साथ ही भवन की छत से पानी टपकने लगा है। जिसके बाद लोगों ने नगर परिषद के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
अभी तक सामुदायिक भवन नगर परिषद को हैंडओवर नहीं हुआ है। जिस एजेंसी ने इसका निर्माण करवाया है कि उसको मरम्मत करवाने के लिए कहा जाएगा। पूरा तैयार होने पर ही इसे हम अपने अधीन लेंगे।- विक्की कुमार, एक्सईएन, नगर परिषद, हांसी।