हरियाणा में सामान्य अस्पताल परिसर में वीरवार को बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन की ओर से राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया।
धरने की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिला प्रधान अशोक सिंह गदली ने की। उन्होंने कहा कि काफी समय से लंबित मांगों को लेकर जिलास्तर पर धरने दिए जा रहे हैं जिसके तहत तीसरे चरण में वीरवार को धरना दिया गया।
राज्य महासचिव राजकुमार ने कहा कि सरकार के साथ छह दौर की वार्ता होने और बार-बार आश्वासन देने के बावजूद मांगों को लागू नहीं किया जा रहा है। यदि सरकार ने समय रहते मांगें पूरी नहीं की तो शीघ्र ही राज्य स्तरीय आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
राज्य कार्यकारिणी के मुख्य सलाहकार सुरेश उचाना ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य में आरसीएच सहित सभी परियोजनाओं में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों को नियमित किया जाए और नियमित होने तक समान काम समान वेतन लागू किया जाए।
साथ ही एलटीसी व ईपीएफ मेडिकल सहित सभी सुविधाएं प्रदान की जाएं। पूर्व में सरकार व एसोसिएशन के बीच हुए सभी समझौतों को लागू किया जाए। धरने में धीरज कुमार, पुष्कर, राजेंद्र कुमार, अशोक कुमार, हरजिंद्र सिंह, लालचंद, लक्ष्मी देवी, सर्वजीत कौर, कमला देवी और खुशी आदि शामिल थे।