भिवानी के रेस्ट हाउस रोड जगत कॉलोनी स्थित खनन क्षेत्र से जुडे़ व्यापारी के सहयोगी सुरेंद्र सिंह उर्फ टीटू के घर ईडी की टीम लगातार दूसरे दिन भी डेरा डाले रही। टीम शुक्रवार सुबह 11 बजे तक भी घर के अंदर डटी थी। जबकि सुबह जरूरी वस्तुओं के लिए भी परिवार के सदस्यों को ईडी के सुरक्षा कर्मियों ने बाहर नहीं आने दिया।
जगत कॉलोनी स्थित भीम सिंह आवास पर सुरेंद्र सिंह उर्फ टीटू के घर पर वीरवार सुबह करीब छह बजे ईडी की टीम ने दस्तक दी थी। उस समय परिवार के सदस्य उठे ही थे। सुरेंद्र उर्फ टीटू के परिवार में उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं। फिलहाल घर के अंदर कितने सदस्य मौजूद है, इसकी जानकारी भी किसी को नहीं है। वहीं ईडी की टीम लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी जांच में जुटी रही। संवाद