हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024
- फोटो : AMAR UJALA
हरियाणा में इस वक्त विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार चरम पर है। राज्य में 5 अक्तूबर को मतदान होना है। इस बीच, एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिमार्म्स (एडीआर) ने उम्मीदवारों द्वारा दाखिल हलफनामों पर रिपोर्ट प्रकाशित की है। इस रिपोर्ट में उम्मीदवारों की आपराधिक पृष्ठभूमि, वित्तीय, शिक्षा, लिंग और अन्य विवरणों का विश्लेषण किया गया है। राज्य की 90 सीटों पर कुल 1031 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव लड़ रहे 1031 उम्मीदवारों में से 302 राष्ट्रीय दलों से, 121 राज्य स्तरीय दलों से, 144 पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों से और 464 उम्मीदवार निर्दलीय हैं।
आइये जानते हैं एडीआर की रिपोर्ट में कौन-कौन सी जानकारियां सामने आई हैं?
कितने उम्मीदवार दागी?
एडीआर ने चुनाव लड़ रहे 1031 उम्मीदवारों में से 1028 के हलफनामों को लेकर रिपोर्ट प्रकाशित की है। पूर्ण हलफनामे उपलब्ध न होने के कारण तीन उम्मीदवारों का विश्लेषण नहीं किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में दागी उम्मीदवारों में बढ़ोतरी देखी गई है। इस चुनाव में उतरे 1028 में से 133 (13%) उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इससे पहले 2019 के चुनाव में लड़ने वाले 1138 में से 117 (10%) उम्मीदवार ऐसे रहे जिन पर आपराधिक मामले दर्ज थे।
2024 में किस्मत आजमा रहे 95 (9%) उम्मीदवार ऐसे हैं जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी तरह 2019 में 70 (6%) उम्मीदवार ऐसे थे जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।
किस पार्टी से कितने दागी उम्मीदवार?
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमुख दलों में सबसे ज्यादा दागी उम्मीदवार भाजपा के हैं। भाजपा के 89 में से 6 (7%) उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। रिपोर्ट में शामिल आप 88 के उम्मीदवारों में से 23 (26%), जननायक जनता पार्टी के 66 उम्मीदवारों में से 7 (11%), इनेलो के 51 उम्मीदवारों में से 9 (18%) और बसपा के 35 उम्मीदवारों में से 3 (9%) के खिलाफ आपराधिक मामले हैं।
एडीआर ने गंभीर आपराधिक मामलों वाले पार्टीवार उम्मीदवार के आंकड़े भी जारी किए हैं। रिपोर्ट में शामिल प्रमुख दलों में कांग्रेस के 89 उम्मीदवारों में से 11 (12%) ऐसे हैं, जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके बाद भाजपा के 89 उम्मीदवारों में से 3 (3%), आप के 88 उम्मीदवारों में से 14 (16%), जजपा के 66 उम्मीदवारों में से 6 (9%), इनेलो के 51 उम्मीदवारों में से 6 (12%) और बसपा के 35 उम्मीदवारों में से 3 (9%) के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले हैं।
हरियाणा में चुनाव लड़ रहे कुल उम्मीदवारों में 11 के खिलाफ महिला अपराध से जुड़े मामले दर्ज हैं। दो उम्मीदवारो के खिलाफ दुष्कर्म की धारा (पुरानी आईपीसी 376) में मामला दर्ज है। 6 उम्मीदवार हत्या से जुड़े मामलों (पुरानी आईपीसी 302) का सामना कर रहे हैं। ऐसे ही राज्य के 8 उम्मीदवारों पर हत्या के प्रयास (पुरानी आईपीसी 307) से जुड़े मामले चल रहे हैं।
कितने करोड़पति प्रत्याशी मैदान में?
दागियों की तरह धनी उम्मीदवारों की संख्या भी राज्य में बढ़ी है। रिपोर्ट में शामिल 1028 प्रत्याशियों में से 538 (52%) प्रत्याशी करोड़पति हैं। इससे पहले 2019 में चुनाव लड़ने वाले कुल 1138 प्रत्याशियों में से 481 (42%) प्रत्याशी करोड़पति थे।
277 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनकी संपत्ति पांच करोड़ या इससे ज्यादा है। 136 उम्मीदवारों की दौलत दो से पांच करोड़ के बीच है। 50 लाख से दो करोड़ की संपत्ति वाले 228 उम्मीदवार मैदान में हैं। ऐसे उम्मीदवार जिनकी दौलत 10 लाख से 50 लाख है उनकी संख्या 191 है। 196 प्रत्याशियों की संपत्ति 10 लाख से कम की है।
किस पार्टी ने कितने करोड़पतियों को दिया टिकट?
एडीआर के मुताबिक, भाजपा के सबसे ज्यादा 85 (96%) उम्मीदवार करोड़पति हैं। दूसरे स्थान पर कांग्रेस के 84 (94%) प्रत्याशी करोड़पति हैं। इसके अलावा, जजपा के 46 (70%), इनोलो के 34 (67%), आप के 52 (59%) और बसपा के 18(51%) उम्मीदवार करोड़पति हैं।
इस बार चुनाव मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों के औसत धन की बात करें तो यह 8.68 करोड़ रुपये है। वहीं 2019 में 1138 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 4.31 करोड़ रुपये थी। पार्टीवार आंकड़े देखें तो, इस बार कांग्रेस के प्रत्याशियों के औसत संपत्ति 24.40 करोड़ रुपये है। दूसरे नंबर पर भाजपा के उम्मीदवारों के औसत संपत्ति 24.27 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, इनेलो के प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 9.64 करोड़ रुपये, जजपा उम्मीदवारों की 9.36 करोड़, आप उम्मीदवारों की 5.57 करोड़ और बसपा के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 3.46 करोड़ रुपये है।
देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल तीसरी सबसे धनी उम्मीदवार
इस बार सबसे अमीर प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु हैं। वह हिसार जिले की नारनौंद सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कैप्टन अभिमन्यु की कुल संपत्ति 491 करोड़ है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के रोहतास सिंह हैं। गुरुग्राम की सोहना सीट से उतरे रोहतास की संपत्ति 484 करोड़ रुपए है। वहीं, देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की तीसरी सबसे धनी प्रत्याशी हैं। हिसार से चुनाव लड़ रहीं सावित्री ने अपने नाम कुल 270 करोड़ की संपत्ति बताई है।
पांच प्रत्याशियों के पास नहीं है कोई संपत्ति
एडीआर की रिपोर्ट से एक दिलचस्प आंकड़ा भी सामने आया है, जिसके मुताबिक चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में पांच ऐसे प्रत्याशी भी मैदान में हैं, जिनकी कोई संपत्ति ही नहीं है। हालांकि, इस सूची में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी जैसी पार्टियों के प्रत्याशी नहीं हैं।
कितने पढ़े-लिखे हैं उम्मीदवार?
चुनाव में किस्मत आजमा रहे 486 (47%) उम्मीदवार पांचवीं से बारहवीं कक्षा तक पढ़े हैं। 492 (48%)उम्मीदवारों ने स्नातक या उससे अधिक की पढ़ाई की है। 26 प्रत्याशी डिप्लोमा धारी, 8 साक्षर और 15 निरक्षर हैं। इनके अलावा एक उम्मीदवार ने अपनी शैक्षिक योग्यता नहीं बताई है।
कितने उम्रदराज हैं उम्मीदवार?
उम्मीदवारों में 319 (31%) की उम्र 25 से 40 के बीच है। 181 (18%) यानी की 49 फीसदी की उम्र 41 से 60 के बीच है। वहीं, 181 (18%) उम्मीदवारों की उम्र 61 से 80 के बीच है।
इस बार कुल उम्मीदवारों में 101 यानी की 10 फीसदी महिला हैं। इससे पहले 2019 में कुल 1138 उम्मीदवारों में से 104 यानी की नौ प्रतिशत महिला थीं।