बड़े पैमाने पर चलाया गया अभियान
खाद्य और औषधि प्रशासन के आयुक्त ललित सिवाच ने बताया कि दूध उत्पादों, मसालों और चाय सरीखे खाद्य पदार्थों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया है। पिछले छह महीनों में 1,62,94,120 रुपये का माल जब्त किया गया है। हाल ही में करनाल से 42 लाख रुपये का 8,400 लीटर घी, 57,41,500 रुपये का 11,483 लीटर देसी घी, हिसार से 15 लीटर शुद्ध घी व 17,000 लीटर वनस्पति का मूल्य 42,50,000 रुपये है जो जब्त किया गया।
कहां से क्या पकड़ा गया
वर्ष की शुरुआत में 98 लीटर मिलावटी श्री मदुर रतन देसी घी, 642 लीटर मिलावटी हरियाणा फ्रेश एगमार्क देसी घी, 3,276 लीटर केदार एगमर्ड मिश्रित वनस्पति तेल, 1,145 लीटर हरियाणा फ्रेश एगमार्क देसी घी और श्री गोबिंद एगमार्क देसी घी अम्बाला से 4.58 लाख रुपये मूल्य का जब्त किया गया है। साथ ही कुरुक्षेत्र से 12,97,820 रुपये का 19,645 लीटर मिलावटी घी, मक्खन, सुभम घी, अभिनंदन घी, क्रीम, पामोलिव ऑयल और मिल्क पाउडर जब्त किया गया और करनाल से 3,46,800 रुपये का 1,250 लीटर घी, मक्खन, खाद्य तेल जब्त किया गया।
खाद्य मानकों को बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह राज्य के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य को सुनिश्चित करता है। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर चार सदस्यीय टीम बनाई गई है, जो लगातार छापेमारी कर रही है। मिलावट करने वालों और नकली खाद्य पदार्थ बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। -राजीव अरोड़ा, एसीएस, स्वास्थ्य विभाग।