नहर टूटने के कारण टैंक में पर्याप्त मात्रा में पानी स्टोर नहीं है। इसके चलते हुडा और नगर निगम की ओर से सप्ताहभर तक पानी आपूर्ति में कटौती की जाएगी। इससे दिवाली के मौके पर दिक्कत हो सकती है।
पुराने शहर के दायरे में आने वाली कॉलोनियों में रोजाना 13 मिलियन गैलन डेली (एमजीडी) पानी आपूर्ति किया जाता है। करीब 27 एमजीडी पानी हुडा के सेक्टर इलाके में वितरित किया जाता है।
शहरी इलाके में रोजाना करीब 40 एमजीडी नहरी पानी आपूर्ति किया जाता है। बीते सप्ताह सोनीपत से झज्जर के बीच में गुड़गांव को पानी आपूर्ति करने वाली नहर क्षतिग्रस्त हो गई।
इस कारण गुड़गांव के बुढेडा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के टैंक में पर्याप्त पानी नहीं है। इससे सेक्टर, कॉलोनी और गांव एरिया में पानी की किल्लत हो गई है। यह किल्लत सप्ताहभर तक बनी रहेगी।
नियमित तौर पर आपूर्ति किए जाने वाले पानी में भी कटौती होगी। बुढेड़ा प्लांट का संचालन हुडा करता है। इसके चलते निगम अधिकारी इस दिक्कत के लिए हुडा के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
इस संबंध में नगर निगम के मुख्य अभियंता बीएस सिंगरोहा ने कहा कि हुडा की ओर से पूरा पानी नहीं मिल पा रहा है। इस कारण दिक्कतें आ रही हैं।
कौन-कौन से इलाके प्रभावित होंगे
सेक्टर-4, सेक्टर-7, सेक्टर-7ए, सेक्टर-9, सेक्टर-9ए , सेक्टर-10, सेक्टर-12, सेक्टर-14, सेक्टर-15, सेक्टर- 15 पार्ट दो, सेक्टर-17, सेक्टर- 18, सेक्टर-21, सेक्टर-22, सेक्टर-23, सेक्टर-52, सेक्टर-37, सेक्टर-39, सेक्टर-38, सेक्टर-40
निगम के इलाके
गुड़गांव गांव, सुखराली, सरहोल, डूंडाहेड़ा, कादीपुर, बसई, शांति नगर, कृष्णा नगर, न्यू कॉलोनी, चार आठ मरला, राजेंद्रा पार्क, लक्ष्मी गार्डन, ओमनगर, मदनपुरी।