ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ाने के लिए अनोखी पहल शुरू की है। इस पहल के तहत वाहन चालकों को गिफ्ट देकर ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ाया जा रहा है।
वहीं, अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी अपनी इच्छा से एक दिन का वेतन असहाय लोगों को देंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने ‘जॉय ऑफ गिविंग वीक’ के तहत दो अक्तूबर से नौ अक्तूबर तक अभियान चलाया है।
इसके तहत चौक-चौराहों पर गिफ्ट बांटे जा रहे हैं। पुलिस आयुक्त आलोक मित्तल के नेतृत्व में ट्रैफिक विंग की पूरी टीम बृहस्पतिवार को राजीव चौक पर एकत्रित हुई, जहां पर पुलिस टीम ने लोगों को गुलाब का फूल, चॉकलेट, बिस्कुट व अन्य गिफ्ट बांटे।
डीसीपी ट्रैफिक भारती अरोड़ा ने बताया कि सभी ट्रैफिक इंस्पेक्टरों को आदेश दिया गया है कि सात दिन तक वह चौक चौराहों पर गुजरने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक नियम के लिए जागरूक करें। इस दौरान एसीपी ट्रैफिक विष्णु दयाल, ममता खराब व अन्य ट्रैफिक इंस्पेक्टर मौजूद रहे।