मेयर के गांव सरहौला में आधा दर्जन से अधिक बदमाश एयरफोर्स के रिटायर्ड अधिकारी और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर तीन लाख की नगदी, तीन लाख के गहने व अन्य कीमती सामान लूटकर ले गए। पीड़ित के बेटे की शिकायत पर उद्योग विहार (सेक्टर 18) थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पहले पुलिस ने इस घटना पर चोरी के तहत मामला दर्ज किया था। सप्लीमेंटरी एप्लीकेशन के बाद पुलिस ने इसमें मारपीट कर लूट की धारा और जोड़ दी। थाना प्रभारी प्रवीण मलिक ने कहा कि पहली शिकायत में शिकायतकर्ता की ओर से मारपीट और बंधक बनाए जाने का उल्लेख नहीं किया गया था।
पुलिस को दी शिकायत में सरहौल निवासी विपिन यादव ने कहा कि वह अपनी पत्नी ओर बच्चों के साथ डीएलएफ में रहता है, जबकि उसके पिता नाहर सिंह व मां संतोष गांव वाले घर में रहते हैं।
मंगलवार-बुधवार की रात करीब दो बजे दो-तीन बदमाश घर की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। आवाज सुनकर उनके पिता और मां बाहर आए। इन लोगों ने बदमाशों का दबोचने का प्रयास किया। बाद में इनके चार-पांच साथी और आ गए। इन लोगों ने दोनों से मारपीट कर उन्हें रस्सी से बांध दिया।
सुबह किसी तरह दोनों ने अपने आपको बंधक मुक्त कर उसे फोन पर सूचना दी। विपिन ने बताया कि घर से करीब तीन लाख रुपये के जेवर, इतने की नगदी, एक स्कूटर, तीन कीमती घड़ियां लूटी गईं। घटना में उनके माता-पिता को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को निजी अस्पताल में उपचार दिलाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के बाद बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इनकी संख्या सात से आठ तक बताई जा रही है। जल्दी ही बदमाशों का पता लगा लिया जाएगा।