काम से निकाले जाने पर एक मजदूर ने महिला साथी के साथ मिलकर ठेकेदार की चार साल की बच्ची का अपहरण कर लिया। इसके बदले दो लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। बादशाहपुर थाना पुलिस ने फिरौती मांगने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर बच्ची को बरामद कर लिया है।
बादशाहपुर के पास निर्माणाधीन कंपनी में काम कराने वाले ठेकेदार राज किशोर निवासी बिहार ने रविवार की रात को पुलिस को बताया कि उसकी चार साल की बच्ची दोपहर से गायब है। उसके मोबाइल पर अशोक नामक मजदूर का फोन आया था। उसने उसकी बेटी को छोड़ने के एवज में दो लाख रुपये मांगे हैं।
हाल ही में उसने अशोक व रेणुका चौधरी को काम से निकाल दिया था। इसका बदला लेने के लिए दोनों ने उसकी बच्ची का अपहरण कर लिया है। बादशाहपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों के मोबाइल नंबर ट्रैकिंग पर लगाए। पुरानी दिल्ली स्टेशन के पास से छापेमारी करके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बच्ची को परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपियों को सोमवार की सुबह इलाका मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। वहां पर उनको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपियों ने ठेकेदार पर पैसा न देने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, ठेकेदार ने किसी भी तरह का पैसा बकाया न होने की बात कही है।