दो दिन पहले मॉडर्न जेल भोंडसी में मिले 24 मोबाइल की जांच के लिए संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) ने एसआईटी का गठन किया है। इसमें अपराध शाखा के सात पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है।
जेल उपाधीक्षक के बयान पर भोंडसी थाने में दर्ज अलग-अलग मामलों की जांच अब अपराध शाखा की टीम करेगी। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) विकास शर्मा ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
इसमें पांच एसआई स्तर के अधिकारियों को शामिल करने के साथ साइबर सेल प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसीपी (क्राइम) राजेश फोगाट के नेतृत्व में यह टीम काम करेगी।
टीम का पहला उद्देश्य है कि यह पता लगाया जाए कि मोबाइल जेल में कैसे पहुंच रहे हैं। जेल अधीक्षक की ओर से भी कहा गया है कि पुलिस मामले की जांच कर बताए कि मोबाइल के खेल में कौन शामिल है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त का कहना है कि साइबर सेल की ओर से जांच के बाद मिलने वाले रिकॉर्ड के बाद ही आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। गौरतलब है कि जेल प्रशासन ने अभियान चलाकर 16 कैदियों के पास से 24 मोबाइल बरामद किए थे।