दिल्ली के प्रगति मैदान में लगे इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) के दरवाजे आज से आम लोगों के लिए खुल जाएंगे। हर वर्ष गुड़गांव से रोजाना हजारों लोग वहां जाते हैं। इस बार भी लोगों में ट्रेड फेयर को लेकर भरपूर उत्साह है। यही कारण है कि डीएमआरसी और हरियाणा रोडवेज गुड़गांव ने भी अपनी तैयारी पुख्ता कर ली है।
हालांकि हरियाणा रोडवेज के गुड़गांव डिपो से कोई भी सीधी बस सर्विस ट्रेड फेयर के लिए नहीं है। फिर भी रोडवेज की ओर से उन सिटी बसों की फ्रिक्वेंसी मंगलवार से बढ़ा दी जाएगी जो मेट्रो स्टेशन को रोडवेज डिपो से कनेक्ट करती है। गुड़गांव रोडवेज के महाप्रबंधक यशेंद्र सिंह ने बताया कि प्रगति मैदान तक तो रोडवेज की कोई बस नहीं जाएगी। पर ट्रेड फेयर में जाने वालों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
उन्हें एमजी रोड और हुडा सिटी सेंटर के मेट्रो स्टेशनों तक भेजने का पुख्ता प्रबंधन कर लिया गया है। जरूरत पड़ने पर पांच-पांच मिनट के अंतराल पर भी सिटी बसें चलाई जाएंगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने भी ट्रेड फेयर के लिए अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे दिया है। डीएमआरसी के मीडिया अधिकारी हिमांग्शू शर्मा ने बताया कि ट्रेड फेयर के लिए टिकट कोई भी 27 मेट्रो स्टेशनों से खरीद सकता है। गुड़गांव के हुडा सिटी सेंटर और एमजी रोड पर ट्रेड फेयर के टिकट मिलेंगे। दोनों मेट्रो स्टेशनों पर यह टिकट सुबह 8.30 बजे से अपराह्न 4.00 बजे तक मिलेगा।