वह अपने दोस्तों के साथ सोमवार को सेक्टर चार स्थित मंदिर पहुंची थी, लेकिन प्रबंधन ने नियमों का हवाला देकर उन्हें बैरंग लौटा दिया। इस बीच, पिहोवा चौकी प्रभारी ने बताया कि सोनिया ने एक म्युजिशियन से उत्तर प्रदेश के किसी कोर्ट में शादी की है। इसकी सूचना पुलिस को उसके परिजनों ने दी है।
सोमवार को पिहोवा निवासी संजीव शर्मा ने पुलिस को अपनी बहन सोनिया के अपहरण की शिकायत दी थी। इसमें उसने गुड़गांव के नंदलाल, रमन कपूर, राहुल और रवि सहित तीन अन्य लोगों पर आरोप लगाया था। किसी ने परिजनों को बताया कि सोनिया ने गुड़गांव के आर्य समाज मंदिर में अपने किसी साथी से शादी कर ली है।
अमर उजाला ने गुड़गांव में स्थित छह आर्य समाज मंदिर प्रबंधन से इस बारे में बात की। सेक्टर चार आर्य समाज के महामंत्री नरवीर चौधरी के मुताबिक सोमवार को दोपहर बाद एक जोड़ा कुछ युवकों के साथ मंदिर के पुरोहित शिवदत्त के पास शादी के लिए आया था। उन्होंने तत्काल शादी की बात कही।
इस पर पुरोहित ने उन्हें नियम बताकर शादी से इनकार कर दिया। केंद्रीय आर्य सभा के कन्हैया लाल आर्य ने कहा कि आर्य समाज मंदिरों में तत्काल शादी का कोई प्रावधान नहीं है। इसके लिए कम से कम 10 दिन पहले आवेदन देना होता है। लड़का, लड़की से एक शपथपत्र लिया जाता है।
इसमें बालिग होने, मां-बाप की सहमति, कुंवारे हैं या तलाकशुदा या विधवा-विधुर, तमाम जानकारी दी जानी जरूरी है। इसके साथ ही दोनों के अभिभावकों से सादे कागज पर एक शपथपत्र लिया जाता है। इसमें दोनों पक्षों की सहमति अनिवार्य है। दोनों पक्षों की मौजूदगी में ही शादी संभव है।
उन्होंने कहा कि शादी के लिए किसी एक का स्थानीय होना भी अनिवार्य है। दूसरी ओर, पिहोवा चौकी प्रभारी दीदार सिंह बस्सी ने बताया कि मंगलवार को सोनिया के भाई ने ही उसकी शादी की बात बताई थी। उसने उत्तर प्रदेश के किसी कोर्ट में शादी की है।
उन्होंने बताया कि सोनिया ने किसके साथ शादी की है, यह नहीं पता लग पाया है। इस मामले में लड़का-लड़की और उनके किसी भी साथी का पता नहीं लग पाया है।