गुड़गांव। पुलिस लाइन में तीन दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने उसके चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (सीजेएम) पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। इसमें उनकी मां और पिता भी आरोपी बनाए गए हैं। पुलिस ने जज के खिलाफ मामला दर्ज कर इसकी जानकारी हाईकोर्ट को दे दी है। उधर, सीजेएम तीस दिन के अवकाश पर चले गए हैं।
गुड़गांव में तैनात सीजेएम की 25 वर्षीय पत्नी गीतांजलि की मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार की रात करीब डेढ़ बजे महिला के भाई प्रदीप अग्रवाल के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पंचकूला के सेक्टर आठ में रहने वाले प्रदीप ने सिविल लाइन थाना पुलिस को अपने बहनोई रवनीत गर्ग (सीजेएम), उनकी मां रचना गर्ग और पिता सहित अन्य के खिलाफ शिकायत दी है। इसमें कहा गया है कि छह साल पहले उनकी बहन की शादी रवनीत से हुई थी। लगातार दो बेटियां पैदा होने से ससुराल वाले उसकी बहन को परेशान किया करते थे। डीसीपी वेस्ट सुरेंद्र पाल ने जज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। उन्हाेंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर पुलिस कानून के तहत जज के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
विदेश में भाषण दे चुकी हैं गीतांजलि
पंचकूला। गीतांजलि के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की टॉपर थी। वह बचपन से ही पढ़ने-लिखने में सबसे आगे रहती थी। आयुष के मुताबिक गीतांजलि को धार्मिक भाषण देना बहुत अच्छा आता था। एक बार वे विदेश में भी भाषण देने गई थीं। वह सतपाल महाराज की भक्त थीं। आखिरी भाषण उन्होंने बरवाला स्थित ईमैक्स में 18 अप्रैल 2013 को दिया था।