गुड़गांव (ब्यूरो)। सेक्टर-10 में रहने वाला एक आईटी कंपनी का निदेशक पिछले पांच दिन से संदिग्ध हालात में लापता है। खेड़कीदौला थाना पुलिस ने शुक्रवार को उसके भाई के बयान पर अपहरण का मामला दर्ज किया है।
साउथ एंड में रहने वाले एक व्यक्ति ने खेड़कीदौला थाना पुलिस को बताया कि उसका भाई रामदेव साइबर पार्क के बेस्टक भवन में आईटी कंपनी चलाता है। 15 जुलाई को वह अपने सेक्टर-10 के आवास से कंपनी आया था। वहां से वह संदिग्ध हालात में लापता है। कंपनी में उसका बैग और मोबाइल सहित अन्य सामान पड़ा मिला। मामला संदिग्ध होने के बाद खेड़कीदौला थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है। पुलिस उसकी मोबाइल डिटेल खंगाल रही है। अब तक की छानबीन में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।