गुड़गांव। गुजरात की बिजली का करंट बुधवार की देर शाम गुड़गांव तक पहुंचा। पहले दिन ट्रायल के समय करीब 200 मेगावाट बिजली मिली। सात फरवरी से गुजरात के अडानी ग्रुप की बिजली नियमित रूप से मिलेगी।
दौलताबाद से धनौंदा के बीच 400 केवी की लाइन का काम पूरा होने के बाद बुधवार देर शाम लाइन में करंट छोड़कर इसे जांचा गया। इसमें लाइन को पूरी तरह से दुरुस्त पाया गया। इसके साथ ही गुजरात से अडानी ग्रुप की बिजली गुड़गांव तक लाने की शुरुआत हो गई है। अगले एक सप्ताह तक इस लाइन पर टेस्टिंग चलेगी। सात फरवरी से हरियाणा को 700 मेगावाट बिजली मिलना शुरू हो जाएगी। इसके बाद शहर में बिजली संकट हद तक खत्म होने की उम्मीद है।
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम की ओर से दौलताबाद से महेंद्रगढ़ के धनौंदा के बीच 400 केवी क्षमता की लाइन बिछाई गई है। करीब 72 किलोमीटर लंबी इस लाइन को पूरा करने में 110 करोड़ के करीब खर्च हुआ है। गुजरात से बिजली को ग्रिड के जरिए राजस्थान लाया जाएगा। राजस्थान से महेंद्रगढ़ के धनौंदा स्थित 400 केवी सबस्टेशन तक पहुंचेगी। इसके बाद धनौंदा के 400 केवी सबस्टेशन से दौलताबाद के 400 केवी स्टेशन में आएगी। यहां से इसे 220 केवी सबस्टेशन के जरिए शहर के अलग-अलग इलाके में बने सबस्टेशन तक दिया जाएगा। बिजली निगम की ओर से गर्मी के मौसम में अडानी ग्रुप की बिजली को साइबर सिटी के लिए उपयोग किया जाएगा। बिजली निगम से मिली जानकारी के अनुसार इस समय गुड़गांव में करीब डेढ़ करोड़ यूनिट बिजली की मांग है। जून माह तक यह मांग करीब दो करोड़ यूनिट प्रतिदिन हो जाएगी।
किस इलाके को होगा फायदा
दौलताबाद, सेक्टर-20, सेक्टर-72, सेक्टर-10, सेक्टर-9, उद्योग विहार, बादशाहपुर, महरौली रोड, डीएलएफ एरिया, सुशांत लोक, केंद्रीय विहार, सेक्टर 56, वजीराबाद, मानेसर, खांडसा, सेक्टर 21 से 23।
लाइन की टेस्टिंग हो रही है। सात फरवरी से पूरी बिजली मिलने लगेगी। इस बार गर्मी के मौसम में लोगों को दिक्कत नहीं होगी।
-राजेश गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम