गुड़गांव/फिरोजपुर झिरका। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा बृहस्पतिवार को गांव शिकोहपुर को मालामाल कर गए। यहां एक व्यक्तिगत कार्यक्रम में भाग लेने आए मुख्यमंत्री ने इस दौरान ग्रामीणों की ओर से रखी गईं तमाम मांगें मान लीं। हुड्डा ने फिरोजपुर झिरका में आयोजित एक जनसभा में मेवात को रेलवे लाइन से जोड़ने का भी हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने गांव चांदड़ाका के लोगों का भी हालचाल पूछा। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को समस्याएं दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग मिला तो मेवात में रेलगाड़ी की सिटी बजवा दूंगा। हुड्डा ने कहा कि वे चाहते हैं कि मेवात की तरक्की हो और यहां रोजगार उपलब्ध करवाए जाएं। उन्हाेंने मेवात के विकास का हवाला देते हुए बताया कि 2005 से अब तक कांग्रेस सरकार ने इस क्षेत्र के विकास के लिए 3024 करोड़ और 80 लाख रुपये खर्च किए हैं। मेवात क्षेत्र को यमुना से पीने का पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस मौके पर उन्हाेंने पूर्व के मंत्री स्व. अजमत खां को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने जनसभा के आयोजक को आजाद मोहम्मद को अपना साथी बताया। जनसभा को पूर्व विधायक करण दलाल, विधायक आफताब अहमद आदि ने भी संबोधित किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री के गांव शिकोहपुर पहुंचने पर इलाके के विधायक राव धर्मपाल ने गांव शिकोहपुर के ग्रामीणों की अगुवाई करते हुए उनके समक्ष मांगें रखीं। इस पर मुख्यमंत्री ने उनकी मांगें मानते हुए गांव के राजकीय उच्च विद्यालय का दर्जा बढ़ाकर वरिष्ठ माध्यमिक करने, गांव के बस स्टैंड से लेकर कृषि विज्ञान केंद्र तक के रास्ते को पक्का करवाने, गांव में स्टेडियम के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की राशि मंजूर करने और गांव की गलियों को पक्का करवाने के लिए और एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने शिकोहपुर गांव में पूर्व सरपंच स्व. कन्हीराम की मूर्ति का अनावरण भी किया। गांव में पहुंचने पर उनका ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक राव धर्मपाल ने भी कहा कि प्रदेश में आपकी सरकार बनने से इलाके में खुशहाली आई है। गांव में पहुंचने पर श्योचंद सरपंच, मगू नंबरदार, रामचंद्र नंबरदार, विजयपाल नंबरदार उर्फ बिल्लू, अभय नंबरदार आदि ने पगड़ी और शॉल भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर बादशाहपुर के विधायक राव धर्मपाल, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, धर्मबीर गाबा व रामबीर आदि उपस्थित थे।