गुड़गांव। सेक्टर-10 में शुक्रवार तड़के एक एंबुलेंस में चालक और उसके मालिक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई।हत्या करने के बाद कोई उन्हें एंबुलेंस में ही डालकर छोड़ गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने डबल मर्डर का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
शवों की पहचान शहर के फिरोजगांधी कॉलोनी के 38 वर्षीय विजेंद्र और फर्रूखनगर में रहने वाले उसके चालक राजेंद्र के रूप में की गई है। परिजनों का आरोप है कि बृहस्पतिवार की रात उन्हें घर से धोखे से बुलाकर किसी ने हत्या कर दी। सेक्टर-10 थाना पुलिस को दोनों के शव शुक्रवार की सुबह एंबुलेंस (एचआर-55-7394) से मिले। उनके सिर पर गंभीर चोट थी। पुलिस ने फिंगर प्रिंट के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने विजेंद्र के भाई विनोद कुमार के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया है। डीसीपी वेस्ट सुरेंद्र पाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उनकी मौत सिर पर चोट मारने से हुई है। अनुमान है कि उनकी हत्या के दौरान कम से कम छह लोग अवश्य होंगे। पुलिस को छानबीन में पता चला कि चालक राजेंद्र ने रात में एक बजे के करीब वाहन मालिक को बताया कि किसी की छत से गिरकर मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम हाउस लाना है। इसके बाद दोनों साथ निकले थे। कहां गए थे, किसका फोन आया था, दोनों के संपर्क में देर रात तक कौन था? पुलिस इन सवालों का जवाब ढूंढने में लगी है। डीसीपी वेस्ट ने दावा किया है कि जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।