रेवाड़ी शहर की सनसिटी कॉलोनी में खेल-खेल में चलते ऑटो का बच्चे ने एक्सीलेटर दबा दिया। ऑटो पलटने से चार साल के मासूम कार्तिक की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब एक ऑटो चालक अपने वाहन को चालू हालत में छोड़कर पास की दुकान पर सामान लेने चला गया था। इसी दौरान ऑटो में बैठा कार्तिक गलती से एक्सीलेटर दबा बैठा, जिससे ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया।
हादसे में मासूम ऑटो के नीचे दब गया। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन खड़ा करने की बात सामने आई है। सनसिटी निवासी पंकज ने बताया कि उनका चार वर्षीय भतीजा कार्तिक यूकेजी में पढ़ता था। स्कूल से लौटने के बाद उनकी भाभी ने उसे पास की दुकान से कुछ सामान लेने भेजा था। दुकान के पास ही पड़ोसी दिवेंद्र का ऑटो खड़ा था, जो चालू हालत में था। कार्तिक ऑटो में चढ़ गया और खेल-खेल में एक्सीलेटर दबा दिया, इससे वाहन तेजी से आगे बढ़ा और सड़क किनारे डिवाइडर से टकराकर पलट गया।