राजस्थान के गांव बासड़ा से शादी में शिरकत करने सिरसा आ रहे कार सवार पांच लोगों की चोपटा मार्ग पर गांव नेजिया मोड़ पर सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसएसपी सौरभ सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। मंगलवार को तीन मृतकों का अंतिम संस्कार गांव डोबी में एक साथ किया गया।
राजस्थान के भादरा तहसील के गांव बासड़ा संदीप पुत्र भवानी सिंह की शादी सिरसा निवासी कृष्ण कुमार की बेटी के साथ तय हुई थी। सोमवार रात को आईटीआई चौक स्थित एक मैरिज पैलेस में विवाह समारोह था। शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव डोबी निवासी रमेश पुत्र सोहनलाल (20), रमेश कुमार पुत्र सुरजाराम (30), उसका भतीजा कर्णवीर पुत्र बख्तावर (20), गांव उत्तरादाबास निवासी अजय पुत्र जय सिंह (22) और नोहर तहसील के गांव ललाना निवासी ओमप्रकाश पुत्र गौरीशंकर स्विफ्ट कार में आ रहे थे।
रात करीब नौ बजे सिरसा-भादरा मार्ग पर गांव नेजिया खेड़ा के बस स्टैंड के पास सामने से आ रहे वाहन की लाइट पड़ने से कार चला रहे कर्णवीर को कार के आगे जा रही धान से लदी ट्रैैक्टर-ट्राली दिखाई नहीं दी। अधिक रफ्तार होने के कारण कार ट्राली के पीछे जा घुसी। धमाका इतना तेज था कि दूर तक गूंज सुनाई दी।
हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने कार सवारों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे महेंद्र सिंह ने हादसे की सूचना फोन पर पुलिस को दी। सभी को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया जबकि एक को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया, जिसने कुछ दूर जाते ही दम तोड़ दिया।
एसएसपी सौरभ सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। अस्पताल में एक मृतक के मोबाइल पर फोन आया तो मृतकों की पहचान हुई। कुछ ही देर में मृतकों के रिश्तेदार और कन्या पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। रिश्तेदार विजय कुमार और राजेंद्र कुमार के अनुसार रमेश कुमार और कर्णवीर किराए पर गाड़ी चलाते थे, जबकि रमेश पुत्र सोहनलाल गांव में पशुओं की चिकित्सा करता था।
अजय कुमार सैलून की दुकान चलाता था जबकि ओमप्रकाश छात्र था। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।