फतेहाबाद। अध्यापक संघ की बैठक में भाग लेते पदाधिकारी। संगठन
फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की जिलास्तरीय बैठक बिजली बोर्ड यूनियन कार्यालय में जिला प्रधान राजपाल मिताथल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव देसराज माचरा ने किया। बैठक में संगठन की मजबूती, अध्यापकों की लंबित मांगों तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तावित आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 16 से 30 अगस्त तक आयोजित होने वाली जोनल स्कूलिंग शृंखला के तहत 16 अगस्त को फतेहाबाद, हिसार और सिरसा जिलों की संयुक्त जोनल स्कूलिंग फतेहाबाद में आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 18 अगस्त को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनीता बाई के साथ अध्यापकों की स्थानीय समस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल बैठक करेगा।
संघ ने आगामी आंदोलन की रणनीति भी तय की। इसके तहत 23 अगस्त को शिक्षा मंत्री के कैंप कार्यालय पर मास डेपुटेशन दिया जाएगा। 20 सितंबर को ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन होंगे जबकि 21 सितंबर से 15 अक्टूबर तक जिला स्तर पर आंदोलन चलाया जाएगा।
संघ नेताओं ने बताया कि 31 अगस्त तक अध्यापक धरने पर बैठेंगे। 7 और 8 अगस्त को राज्य उप महासचिव कृष्ण नैन धरने का नेतृत्व करेंगे तथा 14 अगस्त को फतेहाबाद जिला इकाई नेतृत्व संभालेगी। 8 और 9 अगस्त को अतिथि अध्यापकों के मुख्यमंत्री पुतला दहन कार्यक्रम तथा 6 सितंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित रैली में भी अध्यापक बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
बैठक में राज्य उप महासचिव कृष्ण नैन, राज्य ऑडिटर सुरजीत दुसाद, जिला कोषाध्यक्ष जगजीत सिंह, सहसचिव देवीलाल, संगठन सचिव राजकुमार आदि उपस्थित रहे।