रतिया। शहर के फतेहाबाद रोड पर तहसील परिसर के सामने विजय वैष्णव पंजाबी ढाबा पर मंगलवार देर रात को दो गाड़ी में सवार होकर आए 10-12 युवकों ने खाना खाने के बाद पैसे मांगने पर हमला कर दिया। आरोपी युवकों ने ढाबा संचालक सहित परिवार के पांच लोगों को बुरी तरह घायल कर दिया तथा ढाबे के काउंटरों को भी तोड़ दिया।
घायल ढाबा संचालक राकेश ने आरोप लगाया कि इस दौरान वहां से पुलिस की एक गाड़ी भी जा रही थी, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची। देर रात को वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने उन्हें नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से तीन घायलों को अग्रोहा रेफर कर दिया गया है।
घायल राकेश ने बताया कि वह अपने तीन बेटों अजीत, अनमोल और विजय तथा पत्नी फूलन देवी के साथ फतेहाबाद रोड तहसील के सामने पिछले काफी समय से ढाबा चलाता है। मंगलवार रात करीब 10: 30 बजे दो गाड़ियों पर सवार होकर 10-12 युवक उसके ढाबे पर आए। कुछ युवकों ने ढाबे पर ही खाना खाया और बाद में कुछ के लिए खाना पैक करने को कहा। राकेश ने बताया कि उसकी पत्नी और बेटे ने खाना पैक करके युवकों को दे दिया। जब खाने के पैसे मांगे तो उसके बेटे अजीत और अनमोल को थप्पड़ मार दिया। जिस पर उन्होंने विरोध किया तो उक्त सभी युवक गाड़ियों से बाहर निकल आए और हाथों में लोहे की राॅड व अन्य हथियार लेकर उसके बेटे अजीत, अनमोल और उसे बुरी तरह घायल कर दिया। इसके बाद उनके ढाबे के काउंटरों और एल्युमीनियम गेट को भी लोहे की रॉड मार कर बुरी तरह तहस नहस कर दिया। उनके हमला करने पर उसकी पत्नी फूलन और बेटे विजय ने उन्हें रोकना चाहा तो उन्हें भी चोट मार कर वहां से भाग गए। बाद में वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने सभी घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अजीत, अनमोल और राकेश तीनों को अग्रोहा रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जानकारी ली।
-
इस मामले में अभी तक घायलों ने बयान दर्ज नहीं करवाए हैं। शिकायत के आधार पर युवकों की पहचान कर मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रणजीत सिंह, प्रभारी, शहर थाना रतिया