भट्टूकलां। गांव ठुईयां में ढाबी खुर्द रोड पर शनिवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दो युवक घायल हो गए। जिन्हें गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भट्टू में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने हिसार रेफर कर दिया।
मामले के मुताबिक शनिवार को गांव ठूईयां निवासी मोहित, रविंद्र व साहिल मोटरसाइकिल पर सवार होकर ढाबी खुर्द से अपने गांव ठुईयां आ रहे थे। गांव ठुईयां के हनुमान मंदिर के पास किसी जानवर के अचानक सामने आने से बाइक की संतुलन बिगड़ गई और तीनों सवार सड़क पर गिर गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को भट्टूकलां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, यहां उपचार के दौरान गांव ठूईयां निवासी 17 वर्षीय मोहित की मौत हो गई।
वहीं गंभीर रूप से घायल रविंद्र व साहिल को प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर कर दिया गया। संवाद